पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, नहर में डुबोकर मारा, 35 साल की महिला का 60 साल के ननदोई से था अफेयर, ऐसे खुला मौत का राज
By Ashish Meena
फ़रवरी 4, 2026
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। यहाँ एक पत्नी ने अपने अवैध संबंधों में बाधा बन रहे पति की हत्या की ऐसी खौफनाक साजिश रची कि पुलिस भी दंग रह गई। अपने से 25 साल बड़े प्रेमी (ननदोई) के साथ मिलकर महिला ने पति को पहले शराब पिलाई और फिर उसे जिंदा ही नहर में फेंक दिया।
शराब, साजिश और मौत का ‘परफेक्ट प्लान’
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि गोधी निवासी अख्तर अली (45) की पत्नी शबीना (35) का प्रेम प्रसंग उसके सगे ननदोई अल्ताफ (60) के साथ चल रहा था। अल्ताफ, अख्तर का सगा साला भी लगता था और दोनों के घर आमने-सामने थे। जब अख्तर को उनकी हरकतों का पता चला, तो उसने पत्नी पर पाबंदी लगा दी। इसी पाबंदी से नाराज होकर शबीना ने अल्ताफ को मजबूर किया कि वह अख्तर को रास्ते से हटा दे।

शबीना ने खुद प्लान बनाया कि अख्तर को शराब पिलाकर नहर में फेंक दिया जाए, ताकि दुनिया को यह लगे कि नशे की हालत में डूबने से उसकी मौत हुई है।
27 जनवरी की वह काली रात
27 जनवरी की सुबह अख्तर अली दुकान का सामान लेने घर से निकला था। शबीना ने तुरंत इसकी जानकारी प्रेमी अल्ताफ को दी। अल्ताफ ने अपने दो साथियों, रंजीत और सतपाल के साथ मिलकर एक कार का इंतजाम किया और अख्तर को रास्ते में रोक लिया। उन्होंने पहले उसे जी भरकर शराब पिलाई और जब वह बेसुध हो गया, तो उसे सिरसवां गौड़ के पास नहर में धक्का दे दिया।

दुकान खोलकर रख रहा था नजर, फिर भी हुई अनहोनी
मृतक अख्तर पहले कपड़े की फेरी लगाता था, लेकिन पत्नी की संदिग्ध हरकतों के कारण उसने बाहर जाना बंद कर दिया था। उसने घर के पास ही परचून की दुकान खोल ली थी ताकि वह अपनी पत्नी पर नजर रख सके। लेकिन उसे क्या पता था कि जिस पत्नी के लिए उसने अपना काम बदला, वही उसकी मौत की इबारत लिख रही है।
सर्विलांस और मुखबिर से खुला राज
30 जनवरी को नहर में शव मिलने के बाद पुलिस ने जब कॉल डिटेल्स और स्थानीय इनपुट खंगाले, तो शक की सुई शबीना और अल्ताफ पर जा टिकी। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपी- शबीना (पत्नी), अल्ताफ (प्रेमी/ननदोई), रंजीत और सतपाल (सहयोगी)।
दुबई में नौकरी करते हैं अल्ताफ के बेटे
हैरानी की बात यह है कि मुख्य आरोपी अल्ताफ के चार बेटे दुबई में नौकरी करते हैं और वह आर्थिक रूप से संपन्न है। इसके बावजूद उसने अपनी हवस और सनक में आकर अपने ही रिश्तेदार का खून कर दिया।
