Dewas News : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्य प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने देवास, हरदा, सागर ग्रामीण और मऊगंज जिलों के लिए अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है, जिससे लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। इस घोषणा के पीछे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की अहम भूमिका मानी जा रही है, जो प्रदेश में पार्टी की आंतरिक चुनौतियों को हल करने के लिए सक्रिय हैं।
चार जिलों में नियुक्तियों का ऐलान
भोपाल पहुंचे बीएल संतोष ने 74 बंगला स्थित प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के आवास पर एक गोपनीय बैठक की। इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह मौजूद रहे। लगभग डेढ़ घंटे चली इस गहन चर्चा के बाद, पार्टी ने एक-एक करके चार जिलों की कार्यकारिणी का ऐलान किया।
इन नियुक्तियों में खातेगांव भाजपा के दिग्गज नेता और हरणगांव के पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश मीणा को देवास जिले का जिला मंत्री बनाकर उन पर भरोसा जताया गया है। उनके अलावा, प्रकाश सिंह ठाकुर, नीलम पंकज पटेल, सचिन जोशी और रामविलास पंवार को भी जिला मंत्री का दायित्व सौंपा गया है।
नई प्रदेश कार्यकारिणी और निगम-मंडलों पर होगी चर्चा
हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश अध्यक्ष बने हुए 60 दिन से अधिक हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रदेश कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया है। वर्तमान में, पार्टी पूर्व अध्यक्ष वीडी शर्मा की टीम के साथ ही काम कर रही है। ऐसे में बीएल संतोष की यह यात्रा प्रदेश कार्यकारिणी के गठन और निगम-मंडलों में महत्वपूर्ण नियुक्तियों को लेकर एक निर्णायक बैठक मानी जा रही है। संतोष ने इन विषयों पर प्रदेश नेतृत्व से विस्तृत चर्चा की है।