खातेगांव के पत्रकार हर्षित तिवारी को जान से मारने की कोशिश, बदमाशों ने हथियार के साथ 3KM तक किया पीछा, मीडिया जगत में भारी आक्रोश, कांग्रेस नेता ने की निंदा

By Ashish Meena
फ़रवरी 2, 2026

मध्य प्रदेश में बेखौफ बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी पत्रकारिता पर हमले का है। ‘News 24 MP-CG’ और ‘लल्लूराम डॉट कॉम’ के निर्भीक पत्रकार हर्षित तिवारी पर 1 फरवरी को साजिश के तहत जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया है।

बदमाशों ने न केवल पत्रकार हर्षित तिवारी का पीछा किया, बल्कि बाद में फोन पर अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद से ही मीडिया जगत में भारी आक्रोश व्याप्त है।

Also Read – अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटाया, अब सिर्फ इतना लगेगा आयात शुल्क, राष्ट्रपति ट्रंप बोले- मोदी रूस से तेल खरीदना बंद करेंगे

फिल्मी स्टाइल में 3 किलोमीटर तक किया पीछा

पत्रकार हर्षित तिवारी ने राष्ट्रीय एकता (Rashtiyaekta.com) से बात करते हुए बताया कि जब वे अपने निजी कार्य से सीहोर जिले के छीपानेर से घर लौट रहे थे, तभी करीब 6 से 7 नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेरने की कोशिश की। ये बदमाश लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस थे। बदमाशों ने हर्षित तिवारी की गाड़ी का लगभग 3 किलोमीटर तक पीछा किया। अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए हर्षित तिवारी ने किसी तरह अपनी जान बचाई और सुरक्षित स्थान पर पहुँचे, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

हमले की वजह- अवैध रेत उत्खनन की कवरेज?

आरोप है कि यह हमला हर्षित तिवारी द्वारा क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं के खिलाफ की जा रही रिपोर्टिंग और उनकी अवैध गतिविधियों को उजागर करने के कारण किया गया है। माफियाओं द्वारा पहले भी उन्हें अप्रत्यक्ष रूप से धमकियां दी जा रही थीं। पत्रकार पर हुए इस हमले ने प्रशासन और पुलिस की गश्त पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस की कार्रवाई और पत्रकारों का आक्रोश

घटना के तुरंत बाद हर्षित तिवारी ने नेमावर थाना पहुँचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पत्रकारों ने एकजुट होकर कड़ी निंदा की है। पत्रकारों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है।

कांग्रेस नेता ने की निंदा

खातेगांव से कांग्रेस नेता राहुल इनानिया ने इस घटना की निंदा कि है, उन्होंने लिखा- जब सच बोलने वालों पर हमला होता है, तब लोकतंत्र खतरे में होता है। सीहोर में NEWS 24 के पत्रकार हर्षित तिवारी पर जानलेवा हमला पूरे लोकतंत्र पर प्रहार है। दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो, पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

नर्मदा तटीय क्षेत्रों में अवैध रेत का उत्खनन चरम पर

स्थानीय लोगों का कहना है कि नर्मदा तटीय क्षेत्रों में अवैध रेत का उत्खनन चरम पर है। माफिया न केवल सरकारी राजस्व को चपत लगा रहे हैं, बल्कि अब वे इतने बेखौफ हो चुके हैं कि पुलिस और मीडिया पर हमला करने से भी नहीं हिचक रहे हैं। पत्रकार पर हमला सीधे तौर पर लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश है। प्रशासन को चाहिए कि वह हर्षित तिवारी के हमलावरों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजे ताकि जनता और मीडिया का कानून पर विश्वास बना रहे।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»