
क्या भारत में फिर शुरू होने वाला है टिकटॉक? केंद्र सरकार ने किया साफ, 2020 में बैन हुआ था TikTok
By Ashish Meena
August 23, 2025
TikTok : केंद्र की मोदी सरकार (Modi government) ने चीनी मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक को अनब्लॉक करने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि डेस्कटॉप ब्राउजर पर टिकटॉक एक्सेस किया जा रहा है, लेकिन केंद्र सरकार ने कहा कि टिकटॉक को अनब्लॉक करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। टिकटॉक को अनब्लॉक करने की खबर झूठी व भ्रामक है।
कब बैन हुआ था टिकटॉक
जून 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवन घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़पों के बाद सरकार द्वारा ब्लॉक किए गए इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्मों में टिकटॉक भी शामिल था। उस दौरान भारत सरकार ने लगभग 59 चीनी एप्स पर प्रतिबंध लगाए थे। इसके बाद कुछ अन्य ऐप्स पर भी प्रतिबंध लगाया गया। केंद्र सरकार ने TikTok को ‘डेटा प्राइवेसी’ और ‘नेशनल सिक्योरिटी रिस्क’ बताते हुए ब्लॉक करने का फैसला लिया था। तब से अब तक यह ऐप भारत के सबसे बड़े मार्केट्स में से एक में बंद है।
क्यों उड़ी फिर ये अफवाह
भारत-चीन संबंधों में हालिया सुधार वापसी की अटकलों को और हवा दे रहा है। इस हफ्ते की शुरुआत में चीनी विदेश मंत्री वांग यी की नई दिल्ली की यात्रा में प्रधानमंत्री मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठकें शामिल थीं। दोनों पक्षों ने ‘स्पष्ट और रचनात्मक’ बातचीत के महत्व पर जोर दिया।
इस महीने के अंत में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री की चीन यात्रा बेहतर संबंधों का संकेत हो सकती है। वहीं, 24 दौर की बातचीत के बाद गलवान और अन्य इलाकों में चीनी सेना पीछे हटी हैं। इससे सीमा पर भी तनाव कम हुआ है। दोनों देशों ने सीमा व्यापार और उड़ानों को फिर से शुरू करने पर सहमति जताई है। इन कूटनीतिक प्रगतियों ने TikTok और AliExpress जैसे चीनी प्लेटफॉर्म की वापसी की अटकलों को हवा दी।