खातेगांव विधायक आशीष शर्मा की माता का निधन, कल नेमावर में होगा अंतिम संस्कार, CM मोहन यादव और शिवराज सिंह चौहान ने जताया शोक

By Ashish Meena
October 30, 2025

देवास जिले की खातेगांव-कन्नौद विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष शर्मा की माता सुशीला देवी शर्मा का गुरुवार सुबह दिल्ली में निधन हो गया। वे पूर्व विधायक स्व. गोविन्द शर्मा की धर्मपत्नी थीं। उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था। उनके निधन पर सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक संवेदनाएं प्रकट की है।

An elderly Indian woman with a serious expression sits on a cushioned chair in a simple indoor setting with a window and lamp nearby. She wears a white saree with floral patterns draped as a dupatta over her head, round glasses, a nose ring, earrings, and a necklace. Her hair is gray and tied back.

दो दिन पहले एम्स दिल्ली शिफ्ट किया था
बता दें कि, सुशीला देवी शर्मा पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं। उन्हें पहले इंदौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर दो दिन पहले उन्हें एयर लिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए एम्स दिल्ली ले जाया गया था।

नेताओं ने एम्स पहुंचकर ली थी जानकारी
उनके निधन से क्षेत्र में शोक व्याप्त है। मंगलवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बुधवार को मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने एम्स पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।

नेमावर में होगा अंतिम संस्कार
पारिवारिक सदस्यों के अनुसार, सुशीला देवी शर्मा की अंतिम यात्रा शुक्रवार सुबह 9:30 बजे कन्नौद स्थित निवास से नेमावर के लिए रवाना होगी। उनका अंतिम संस्कार नेमावर में किया जाएगा।

विधायक आशीष शर्मा ने अपनी माताजी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा- “आज का दिन मेरे जीवन का सबसे पीड़ादायक दिन बन गया है। माँ, जिनका पूरा जीवन सेवा, स्नेह और संस्कारों की मिसाल रहा, जिन्होंने हर सुख-दुःख में हमारा मार्गदर्शन किया। आज वह दिव्य आत्मा ईश्वर के चरणों में विलीन हो गईं। उनका जाना मेरे जीवन में एक ऐसी रिक्तता छोड़ गया है जिसे कोई भर नहीं सकता। माँ की मुस्कान, उनका स्नेह और उनके आशीर्वाद सदा मेरे हृदय में जीवित रहेंगे।”

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लिखा- खातेगांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्री आशीष शर्मा जी की पूज्य माताजी श्रीमती सुशीला गोविंद शर्मा जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उनके चरणों में प्रणाम कर सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। सिद्धेश्वर महादेव से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें। ॐ शांति!

शिवराज सिंह चौहान ने लिखा- खातेगांव विधायक श्री आशीष शर्मा जी की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखदायी है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं परिजनों के साथ हैं। पूज्य माताजी भले ही भौतिक रूप से इस संसार में नहीं हैं, पर उनके संस्कार, शिक्षाएं और उनका आशीर्वाद सदैव आपके परिवार के साथ है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पूज्य माताजी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। विनम्र श्रद्धांजलि!

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena

ashish-meena