सफेद कपड़े में मां की लाश, फांसी पर झूलते मिले IRS अधिकारी और टॉपर बहन, सरकारी आवास में मिले तीनों के शव

By Ashish Meena
February 22, 2025

Crime News : केरल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां केंद्रीय उत्पाद शुल्क और जीएसटी के अतिरिक्त आयुक्त मनीष विजय, उनकी बहन और मां की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मनीष चार दिनों की छुट्टी पर थे।

मगर छुट्टी खत्म होने के बाद भी दफ्तर नहीं पहुंचे थे। मनीष के साथ कुछ दिनों से मां और बहन शालिनी भी रहने लगी थीं। पुलिस ने संदेह जताया है कि यह आत्महत्या का मामला है।

डेढ़ साल पहले हुआ तबादला
आईआरएस अधिकारी मनीष विजय का परिवार मूलरूप से झारखंड का रहने वाला है। मनीष केरल के एर्नाकुलम जिले के कक्कनाड में कस्टम क्वार्टर में रहते थे। करीब डेढ़ साल पहले ही मनीष का तबादला कोच्चि किया गया था। इससे पहले वह कोझीकोड हवाई अड्डे पर कस्टम प्रिवेंटिव में तैनात थे।

Also Read – महिला के साथ दरिंदगी, होटल की छत पर 4 लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, चौंका रही दरिंदगी की दास्तां

पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है। मनीष के भाई और बहन विदेश में रहते हैं। उनके यहां आने के बाद तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

अलग-अलग कमरे में लटके मिले भाई और बहन
मनीष विजय चार दिन की छुट्टी पर थे। मगर छुट्टी खत्म होने के बाद भी वह काम पर नहीं लौटे। इसके बाद उनके साथियों को चिंता हुई। कुछ सहकर्मी मनीष के घर पहुंचे तो वहां बेहद तेज बदबू आ रही थी।

इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक एक कमरे में मनीष की मां शंकुतला का शव सफेद कपड़े में लिपटा बिस्तर पर पड़ा था। बगल में फूल रखे थे। वहीं अलग-अलग कमरों में मनीष और बहन शालिनी के शव लटके मिले।

घर में मिली डायरी
पुलिस को संदेह है कि मां की मौत पहले हुई है या उन्हें जान से मारने के बाद मनीष और शालिनी ने आत्मघाती कदम उठाया है। जांच के दौरान पुलिस को एक डायरी मिली है। इसमें लिखा है कि विदेश में रहने वाली बहन को मौत की सूचना दे देना। पुलिस का यह भी कहना है कि शव कुछ दिन पुराने हैं।

विवादों में थी शालिनी की नियुक्ति
बहन शालिनी ने 2006 में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा में टॉप किया था। इसके बाद उन्हें डिप्टी कलेक्टर के पद पर तैनाती मिली।

हालांकि बाद में शालिनी के टॉप करने पर सवाल उठे। इसके बाद शालिनी को पद से बर्खास्त कर दिया गया था। 2024 में सीबीआई जांच के बाद मामले में आरोपपत्र दाखिल किया गया। जानकारी के मुताबिक इसी मामले के संबंध में मनीष ने छुट्टी ली थी।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखते हैं। DAVV इंदौर से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद उन्होंने अग्निबाण सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया। उन्होंने जमीनी मुद्दों से लेकर बड़े घटनाक्रमों तक कई महत्वपूर्ण खबरें कवर की हैं।