Weather Update : देश के उत्तरी राज्यों में तेज सर्दी का दौर जारी है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में में तापमान 0 डिग्री के नीचे बना हुआ है। हिमाचल में आज बर्फबारी का भी अलर्ट जारी किया गया है। इससे तापमान में और भी ज्यादा गिरावट हो सकती है।
पंजाब-हरियाणा में भी शीतलहर के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हुई। चंडीगढ़ में तापमान 0.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पंजाब के आदमपुर इलाके में पारा 1.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
पंजाब में घना कोहरा भी देखने को मिला। अमृतसर, तरनतारन, बठिंडा, लुधियाना और बरनाला में विजिबिलिटी 100 मीटर दर्ज की गई।
Also Read – ब्रेकिंग: यात्री बस और ट्रक की भीषण टक्कर, 38 लोग जिंदा जले, धू-धू कर जली बस, राष्ट्रपति ने जताया दुख
बर्फबारी और तेज सर्दी के साथ मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में बारिश का भी अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश के 6 जिलों आज बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मध्य प्रदेश राजस्थान में कल से बारिश होने की संभावना जताई गई है।
MP में कल से बारिश का अलर्ट
कड़ाके की ठंड का दौर खत्म होने के बाद अब मध्यप्रदेश में बारिश का सिस्टम एक्टिव हो रहा है। मौसम विभाग की माने तो 23 दिसंबर से प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। इससे भोपाल, इंदौर-जबलपुर के साथ उज्जैन और ग्वालियर संभाग भी भींगेंगे।
श्रीनगर में तापमान माइनस 8.7 डिग्री दर्ज किया गया। यहां डल झील जम गई। दिल्ली में शनिवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला। इससे विजिबिलिटी घटी।
वाराणसी में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 200 मीटर से कम रही। यहां 3 दिनों तक कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के अजमेर में घने कोहरे के कारण ट्रेनें लेट हुईं।
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में चिल्लई कलां (तेज ठंड) की शुरूआत हो चुकी है। बारामूला में तापमान माइनस में रिकॉर्ड हुआ।
जम्मू-कश्मीर में आज से चिल्लई कलां की शुरुआत हुई है। चिल्लई फारसी शब्द है, हिंदी में इसका मतलब ‘बहुत ज्यादा ठंड’ होता है। अब अगले 40 दिन यहां काफी बर्फबारी होगी।
मौसम विभाग ने बताया कि चिल्लई कलां शुरू हो चुका है। अनंतनाग, शोपियां, पहलगाम, गुलमर्ग और कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में पारा माइनस 10 डिग्री के नीचे पहुंच सकता है।
जम्मू-कश्मीर सरकार के हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट ने शुक्रवार को कॉलेजों की विंटर वैकेशन की घोषणा की। कश्मीर संभाग के सरकारी डिग्री कॉलेज और जम्मू संभाग के विंटर जोन के कॉलेज 27 दिसंबर से 14 फरवरी 2025 तक विंटर वैकेशन मनाएंगे।
जम्मू संभाग के समर जोन के कॉलेज 1 जनवरी से 10 जनवरी 2025 तक छुट्टियां मनाएंगे। सरकार ने कश्मीर जोन और जम्मू संभाग के विंटर जोन के स्कूलों के लिए पहले ही विंटर वैकेशन की घोषणा की है।
23 दिसंबर: 3 राज्यों में बारिश होगी, 2 राज्यों में कोहरा
पंजाब-हरियाणा में घना कोहरा देखने को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में शीतलहर चलेगी।
आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश हो सकती है। 55 kmph की रफ्तार से हवा भी चलेगी। हिमाचल के लाहौल स्पीति, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। 7 जिलों शीतलहर भी रहेगी।
24 दिसंबर: 4 राज्यों में घना कोहरा, 2 राज्यों में बारिश
पंजाब, हरियाणा, असम, मेघालय में घना कोहरा छाया रहेगा।
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में कोल्ड वेव का अलर्ट।
दक्षिण के राज्यों (तमिलनाडु, केरल) में हल्की बारिश हो सकती है।
25 दिसंबर: 2 राज्यों में सीवियर कोल्डवेव का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश, पंजाब में सीवियर कोल्ड वेव का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हरियाणा, राजस्थान में कोल्ड वेव का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में ग्राउंड फ्रॉस्ट कंडीशन के आसार