पूर्व मुख्यमंत्री के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे, सुबह-सुबह घर पहुंच गई ED की टीम

By Ashish Meena
मई 27, 2026

केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के तिरुवनंतपुरम स्थित घर पर बुधवार (27 मई, 2026) को तड़के ईडी ने छापेमारी की. प्रवर्तन निदेशालय की ये रेड मनी लॉन्ड्रिंग केस में हुई. एजेंसी ने केरल में एक साथ 12 ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें विजयन का किराए का घर भी शामिल है.

अधिकारियों ने बताया कि ईडी की ये छापेमारी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) मामले से जुड़ी हुई है. एजेंसी तिरुवनंतपुरम, कोच्चि और कन्नूर में पिनाराई विजयन की बेटी वीना विजयन से जुड़े 12 ठिकानों पर रेड मारकर सर्च ऑपरेशन चला रही है. केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और उनकी बेटी भी इस मामले की जांच के दायरे में हैं.

विजयन की बेटी पर क्या हैं आरोप?

आरोप है कि कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) नाम की एक प्राइवेट कंपनी ने साल 2018 से 2019 के बीच तत्कालीन सीएम विजयन की बेटी वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपये का गैर-कानूनी पेमेंट किया, जबकि IT फर्म ने कंपनी को कोई सर्विस नहीं दी थी.

ईडी की ये छापेमारी केरल हाई कोर्ट द्वारा मंगलवार को CMRL की उस याचिका को खारिज करने के बाद हुई, जिसमें इस मामले में ED की कार्रवाई को रद्द करने की मांग की गई थी.

ED ने 2024 में दर्ज किया था PMLA केस

ED ने 2024 में आरोपों की जांच के लिए PMLA केस फाइल किया था. यह मुद्दा विजयन सरकार के सामने सबसे राजनीतिक रूप से संवेदनशील विवादों में से एक रहा है. ED जांच के अलावा, इस मामले की जांच सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस भी कर रहा है.

मंगलवार को विजयन से जुड़े पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया, जिसमें उनके गनमैन भी शामिल थे. जबकि राज्य सरकार ने जांच को पटरी से उतारने की कोशिश के आरोपों पर सीनियर पुलिस ऑफिसर MR अजित कुमार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने पर भी विचार किया है.

CM की कुर्सी जाने के बाद केरल में नेता विपक्ष बने विजयन

यह कार्रवाई एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद हुई, जिसे वीडी सतीशन के मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद बनाया गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, एसआईटी जांच में सामने आया है कि अधिकारियों ने दिसंबर 2023 में अलप्पुझा में विजयन की नव केरल यात्रा के विरोध प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस और KSU कार्यकर्ताओं पर हमला करते समय गैर-कानूनी तरीके से बल और हथियारों का इस्तेमाल किया था. सतीशन के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पिनाराई विजयन केरल विधानसभा में नेता विपक्ष बने हैं.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।