MP में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, 11 गोवंश को कुचला, मौके पर मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
By Ashish Meena
अगस्त 27, 2026
गुना। मध्य प्रदेश के गुना में NH-46 हाईवे पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। चिंताहरण मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर बैठे गोवंश को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि 11 गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर गोवंश के शव बिखर गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और गौसेवक मौके पर पहुंच गए। हादसे का मंजर देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-46 हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों और गौसेवकों को समझाने का प्रयास किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने गोवंश की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था और गौशाला बनाए जाने की मांग की। साथ ही हादसे के जिम्मेदार ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई। पुलिस के अनुसार मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
