MP सड़क हादसे में 2 मौत,ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, महिला-बच्ची ने गंवाई जान
By Ashish Meena
सितम्बर 20, 2026
मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दलौदा के पास लखमा खेड़ी फंटे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला और एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रॉली में सवार अन्य कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
रात 12 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगभग 20 मजदूर सवार थे, जो मंदसौर से उज्जैन की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान लखमा खेड़ी फंटे के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी
रेलवे कार्य के सिलसिले में आए थे मजदूर
हादसे का शिकार हुए सभी मजदूर रतलाम जिले के रावटी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वे मंदसौर में चल रहे रेलवे निर्माण कार्य में मजदूरी के सिलसिले में आए हुए थे।
जिला अस्पताल में इलाज जारी
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मंदसौर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
