देवास जिले के कन्नौद, खातेगांव और नेमावर क्षेत्रों में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, टीआई हत्याकांड के बाद सख्त एक्शन

By Ashish Meena
नवम्बर 6, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
देवास जिले के चंदाना शराब कांड और खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पूरी की हत्या के बाद अब आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग ने कन्नौद, खातेगांव और नेमावर क्षेत्रों में दबिश देकर कुल 3 लाख 34 हजार 100 रुपए मूल्य की अवैध शराब और भारी मात्रा में महुआ लाहन जब्त किया है। इस दौरान विभाग द्वारा कुल 14 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जबकि कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

खेत पर बने मकान से पकड़ी गई शराब

आबकारी टीम को काला फाटा हतनौरा क्षेत्र में एक खेत पर बने मकान में अवैध भंडारण की पुख्ता सूचना मिली थी। जब टीम ने मौके पर पहुँचकर तलाशी ली, तो वहाँ से 100 पाव देशी मदिरा प्लेन, 50 पाव विदेशी मदिरा व्हिस्की और 30 लीटर हाथ भट्टी की अवैध शराब बरामद हुई। जैसे ही आरोपी की नजर आबकारी टीम पर पड़ी, वह तुरंत मौके से फरार हो गया। विभाग ने इस मामले में फरार आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गंभीर प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

3000 किलो महुआ लाहन और अन्य जब्ती

कार्रवाई के दौरान कन्नौद, खातेगांव और नेमावर के विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर बड़े पैमाने पर अवैध सामग्री पकड़ी गई। तलाशी के दौरान कुल 60 लीटर अतिरिक्त हाथ भट्टी मदिरा और 3000 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट करने की कार्रवाई की गई।

इस पूरी संयुक्त कार्रवाई में कुल 90 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, 100 पाव देशी शराब, 50 पाव विदेशी व्हिस्की और 3000 किलो महुआ लाहन पकड़ा गया। आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत कुल 14 प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं, जिनमें धारा 34(1) के तहत 13 और धारा 34(2) के तहत 1 प्रकरण शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई हाथ भट्टी शराब के नमूने (सैंपल) एफएसएल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, और रिपोर्ट आने के बाद मामलों में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।