खातेगांव टीआई हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने मनीष जायसवाल को गुजरात से पकड़ा

By Ashish Meena
नवम्बर 9, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
खातेगांव थाना प्रभारी (टीआई) दिलीप कुमार पुरी हत्याकांड और अवैध शराब तस्करी मामले की जांच में पुलिस के हाथ एक और महत्वपूर्ण सफलता लगी है। देवास पुलिस की टीम ने गुजरात के वड़ोदरा से इंदौर निवासी मनीष जायसवाल को हिरासत में लिया है। पुलिस रविवार देर रात उसे खातेगांव थाने लेकर पहुंची।

आरोपी मोहिन की मौत से जांच को झटका

दूसरी ओर, मामले में टिमरनी शराब ठेके का 30 प्रतिशत हिस्सेदार और अहमदाबाद निवासी आरोपी मोहिन जायसवाल का रविवार को निधन हो गया। दो दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच के शुरुआती चरण में पुलिस मोहिन को गुजरात के शराब तस्करी नेटवर्क का मुख्य सूत्रधार मान रही थी। उससे पूछताछ के जरिए गुजरात में सक्रिय शराब माफियाओं और नेटवर्क की अहम कड़ियां खुलने की उम्मीद थी। पिछले दो दिनों से पुलिस की टीमें उस पर निगरानी रख रही थीं। ऐसे में मोहिन की मौत के बाद अब गुजरात नेटवर्क तक पहुंचने में पुलिस के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।

शराब दुकान में मनीष की भी 30% हिस्सेदारी

पुलिस के अनुसार, वड़ोदरा से पकड़ा गया मनीष जायसवाल भी टिमरनी शराब दुकान में आरोपी राहुल और मृतक मोहिन की तरह 30 प्रतिशत का पार्टनर है। जांच में सामने आया है कि इसी शराब दुकान से आयशर वाहन में अवैध शराब भरकर गुजरात के लिए सप्लाई की जा रही थी। फिलहाल पुलिस दुकान में हिस्सेदारी, शराब सप्लाई चेन और तस्करी के पूरे नेटवर्क की परतें खंगाल रही है।

शॉर्ट एनकाउंटर में घायल चालकों का चल रहा इलाज

मामले में गिरफ्तार आरोपी राहुल जायसवाल, विजय राव और कैरम सिंह 10 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर हैं, जिनसे लगातार पूछताछ जारी है। वहीं, टीआई पर वाहन चढ़ाने वाले आयशर के चालक गजेंद्र और क्लीनर धीरज का पुलिस द्वारा किए गए शॉर्ट एनकाउंटर के बाद अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले में सभी कड़ियों को जोड़कर अवैध शराब के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।