MP के बीजेपी विधायक पर छेड़छाड़ का आरोप, महिला बोली- बंगले पर बुलाकर…मेरे पास मौजूद है रिकॉर्डिंग
By Ashish Meena
जनवरी 20, 2026
बीजेपी विधायक पर छेड़छाड़ का आरोप: मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है। धार जिले की धर्मपुरी विधानसभा से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर पर एक महिला ने बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि जब वह आर्थिक मदद की गुहार लेकर विधायक के पास गई थी, तो उन्होंने उसे अपने भोपाल स्थित सरकारी बंगले पर बुलाया और वहां उसके साथ अभद्र व्यवहार व छेड़छाड़ की कोशिश की।
मदद के बदले ‘गलत हरकत’ का आरोप
पीड़ित महिला ने मीडिया के सामने आकर अपनी आपबीती सुनाई है। महिला के अनुसार, उसने एक मुस्लिम युवक से प्रेम विवाह किया था, जिसके कारण उसका परिवार उससे नाराज था। पति के घायल होने के बाद जब उसे इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत थी, तब वह मदद की उम्मीद में विधायक कालू सिंह ठाकुर के पास पहुंची।
महिला का आरोप है कि विधायक ने उसे भोपाल बुलाया और वहां मौका पाकर उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। महिला का दावा है कि वह किसी तरह बहाना बनाकर वहां से बच निकली।
विधायक का पलटवार- 2 करोड़ की फिरौती का मामला
इस पूरे मामले में मोड़ तब आया जब विधायक कालू सिंह ठाकुर ने महिला पर हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया। विधायक के मैनेजर की शिकायत पर धर्मपुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धार निवासी महिला और उत्तर प्रदेश निवासी उसके पति के खिलाफ ₹2 करोड़ की फिरौती मांगने का केस दर्ज किया।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब कोर्ट से जमानत पर बाहर आने के बाद महिला ने विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
‘मेरे पास रिकॉर्डिंग है’ – महिला का बड़ा दावा
जमानत मिलने के बाद महिला ने अपनी सुरक्षा की गुहार लगाते हुए दावा किया कि उसके पास विधायक की ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। इस रिकॉर्डिंग में विधायक कथित तौर पर उसे अकेले बंगले पर बुलाने की बात कर रहे हैं। महिला का कहना है कि उसे झूठे केस में फंसाया गया है और अब उसके पास रहने तक की जगह नहीं है, उसे अपनी रातें इंदौर रेलवे स्टेशन पर गुजारनी पड़ रही हैं।
निष्पक्ष जांच की मांग
महिला ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि विधायक के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया जाए। मामले की निष्पक्ष जांच हो और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं। उसे और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
