जब तक जिंदा रहूंगी…MP की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने किया बड़ा ऐलान
By Ashish Meena
मार्च 21, 2026
Uma bharti On Politics: मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने बड़ा बयान दिया है। वीरांगना अवंती बाई लोधी के बलिदान दिवस पर उन्होंने जिंदा रहने तक राजनीति करने की बात कही। साथ ही लंबे समय तक जीने की इच्छा जताई।
दरअसल, उमा भारती टीकमगढ़ शहर के गर्ल्स कॉलेज में वीरांगना अवंती बाई लोधी के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वे अवंती बाई के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए जीवनभर राजनीति करती रहेंगी। उमा भारती ने अपने स्वास्थ्य का जिक्र करते हुए कहा कि उनका स्वास्थ्य अक्सर ठीक नहीं रहता, लेकिन जनता का आशीर्वाद और समर्थन ही उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देता है।
उन्होंने कहा, ‘जब तक मैं जिंदा रहूंगी तब तक राजनीति करूंगी, और बहुत लंबा जीने का मन है। इसलिए आप लोगों का आशीर्वाद मांगती हूं, यही हो जाएगा नहीं चल पाएंगे, तो आप उठा कर बैठा दिया करना। मैं तो यही कहती हूं हमें तीन चीजों पर काम करना चाहिए, वाणी आंख और कान। यानी मुझे सुनाई दे, मैं बोल पाऊं और मुझे दिखाई दे, जब तक यह रहेगा तब तक मैं आपके लिए पूरी ताकत के साथ संघर्ष से काम करती रहूंगी।
