सुरों की मल्लिका आशा भोसले अस्पताल में भर्ती, 92 की उम्र में बिगड़ी तबीयत, पोती ने दिया हेल्थ अपडेट
By Ashish Meena
अप्रैल 12, 2026
मुंबई। अपनी जादुई आवाज से दशकों तक दिलों पर राज करने वाली दिग्गज गायिका आशा भोसले (92) को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, उन्हें चेस्ट इन्फेक्शन और भारी थकान की शिकायत के बाद इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में रखा गया है।
सिंगर की पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया पर हेल्थ अपडेट साझा करते हुए बताया- दादी को संक्रमण के कारण भर्ती किया गया है, उनका इलाज चल रहा है। हम सभी के लिए यह मुश्किल समय है, कृपया हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें। हम आपको जल्द ही अच्छी खबर देंगे। इससे पहले अस्पताल के डॉक्टर प्रति समदानी ने भी उनके भर्ती होने की पुष्टि की थी।
12,000 से ज्यादा गाने गाए
आशा भोसले ने अपने करियर में 12,000 से ज्यादा गाने गा चुकी हैं। उनके “दम मारो दम”, “पिया तू अब तो आजा” और “चुरा लिया है तुमने” जैसे गाने आज भी सदाबहार हैं। आशा भोसले के लिए संगीत का सफर इतना भी आसान नहीं था।
आशा भोसले मशहूर थिएटर एक्टर और क्लासिकल सिंगर दीनानाथ मंगेशकर की बेटी और महान गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन हैं। जब वो सिर्फ 9 साल की थीं तब उनके पिता का निधन हो गया था, जिसकी वजह से उन्होंने बहन लता मंगेशकर के साथ मिलकर परिवार को सपोर्ट करने के लिए सिंगिंग शुरू कर दी थी।
16 साल की उम्र में जब आशा भोसले ने परिवार वालों के खिलाफ बड़ी बहन लता मंगेशकर के सेक्रेटरी गणपतराव भोसले से भागकर शादी की थी। लता जी और उनका परिवार इस शादी के सख्त खिलाफ था, जिसके कारण उन्होंने आशा से लंबे समय तक बातचीत बंद कर दी थी।
शादी के बाद आशा भोसले को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा और वह घरेलू हिंसा का शिकार भी हुईं। इतना ही नहीं, जिंदगी से इतना निराश हो गई थीं कि खुद को खत्म करना चाहती थीं। 1960 में वह पहले पति से अलग हो गईं और अपने तीन बच्चों (हेमंत, वर्षा और आनंद) की जिम्मेदारी अकेले ही उठाई।
जब आशा भोसले की पहली शादी टूट गई और वह अपने तीन बच्चों के साथ वापस अपने परिवार के पास आईं, तब धीरे-धीरे दूरियां कम होनी शुरू हुईं।
आरडी बर्मन की मां ने कहा था शादी मेरी लाश पर ही होगी
आशा भोसले ने दूसरी शादी संगीतकार आरडी बर्मन से 1980 में की। दोनों की पहली मुलाकात 1966 में फिल्म तीसरी मंजिल के गाने के दौरान हुई थी। इसके बाद आशा भोसले ने आरडी बर्मन की कई फिल्मों में गीत गाए। लगातार काम करते हुए दोनों की अच्छी दोस्ती हो गई और ये दोस्ती कब प्यार में बदल गई, पता ही नहीं चला।
आरडी बर्मन ने एक दिन मौका पाते ही आशा के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया। आशा ने इसके लिए तुरंत हां भी कर दिया था, लेकिन बर्मन की मां ने शादी से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने बर्मन से कहा कि अगर ये शादी होगी तो मेरी लाश पर ही होगी। बर्मन की मां शादी से इसलिए इनकार कर रही थीं, क्योंकि आशा बर्मन से 6 साल बड़ी थीं और वो 3 बच्चों की मां थीं।
तब बर्मन ने चुपचाप मां की बात मान ली। हालांकि, जब बर्मन के पिता एसड. बर्मन का निधन हुआ, तो मां की मानसिक स्थिति बिगड़ गई। ऐसे में मां की हालत में सुधार के लिए बर्मन ने आशा भोसले से 1980 में शादी कर ली थी।
