सीहोर जिले को जल्द मिलेगी बड़ी सौगात, सांसद ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर रखी ये मांग
By Ashish Meena
अप्रैल 23, 2026
सीहोर। मध्यप्रदेश के सीहोरवासियों को जल्द ही बड़ी सौगात मिलेगी। सीहोर में जल्द ही इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस का ठहराव होगा। केंद्रीय रेल मंत्री ने भोपाल-सीहोर सांसद आलोक शर्मा की मांग पर मंजूरी का आश्वासन दिया है।
नई दिल्ली में भोपाल-सीहोर लोकसभा क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान इंदौर जबलपुर ओवरनाइट एक्स्प्रेस ट्रेन को सीहोर रेलवे स्टेशन पर ठहराव की बहुप्रतीक्षित मांग को रखा। केंद्रीय रेल मंत्री ने जल्द ही इस ठहराव को मंजूरी का आश्वासन दिया है।
संसदीय क्षेत्र अंतर्गत लाखों श्रद्धालुओं के आस्था के प्रतीक तीर्थ स्थान कुबेरेश्वर धाम में भक्तजनों का आवागमन होता रहता है। वर्तमान में सीहोर स्टेशन पर कुछ ही ट्रेनों का ठहराव है। साथ ही सीहोर में शैक्षणिक, व्यापारिक और प्रशासनिक गतिविधियां भी बढ़ रही हैं, जिसके कारण यहां ट्रेनों के ठहराव की मांग बढ़ रही है।
इसीलिए सीहोर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 22191/22192 इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस का ठहराव की आवश्यकता है। सीहोरवासियो की इस बहुप्रतीक्षित मांग को सांसद ने प्रमुखता से उठाया है। जिसके बाद अब जल्द ही यह मांग पूरी होने वाली है।
