महिला ने प्रेमी की हत्या कर ड्रम में डाला, पति और भाई के साथ रची हत्याकांड की कहानी

By Ashish Meena
मई 15, 2026

मुंबई से सटे मुंब्रा इलाके में एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा हुआ है. एक महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को ड्रम में भरकर नाले में फेंक दिया गया. मुंब्रा पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर इस पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया है.

दरअसल, मुंब्रा इलाके में रहने वाला अरबाज मकसूद अली खान दादर काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा. परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने जांच शुरू की और अरबाज के मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगालनी शुरू की. जांच में पता चला कि अरबाज की आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में थी. इसी दौरान पुलिस को उसकी प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी उसी इलाके में मिली. संदेह के आधार पर पुलिस ने मेहजबीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत में महिला पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चौंकाने वाला खुलासा किया.

महिला ने कबूल किया कि उसने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज से फिरौती मांगने और उसकी हत्या की साजिश रची थी. आरोपियों ने अरबाज को पैसे के बहाने वर्सोवा बुलाया. वहां पैसे नहीं मिलने पर उसके हाथ बांधकर प्लास्टिक पाइप से बेरहमी से पिटाई की गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई.

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक हरे रंग के ड्रम में भरकर मुंब्रा इलाके के सुनसान नाले में फेंक दिया ताकि सबूत मिटाए जा सकें. मुंब्रा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला का पति हसन और उसका साथी मुजम्मल पठान अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है.

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, साजिश और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.मुंब्रा पुलिस की तकनीकी जांच और तेजी से की गई कार्रवाई की वजह से इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा हो सका. फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।