देवास जिले में बड़ा हादसा, कलवार-कन्नौद के बीच बस में लगी भीषण आग
By Ashish Meena
मई 28, 2026
देवास जिले में इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर एक नई बस में अचानक आग लग गई। कन्नौद और कलवार के बीच घाट सेक्शन पार करते ही बस का टायर फट गया, जिससे अगले के हिस्से में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि बस में कोई यात्री सवार नहीं था और चालक-हेल्पर समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए।
पीछे चल रहे पुलिस वाहन ने संभाला मोर्चा
हादसे के वक्त बस के ठीक पीछे पुलिस का वाहन चल रहा था। पुलिसकर्मियों ने तत्काल बस को रुकवाया और हाईवे पर दोनों ओर से यातायात रोक दिया। सूचना मिलते ही कन्नौद से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया।
भीषण गर्मी और घर्षण से हादसा
क्षेत्र में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। थाना प्रभारी तहजीब काजी ने बताया कि घाट सेक्शन खत्म होने के बाद सीसी रोड पर तेज गर्मी और घर्षण के कारण टायर पर दबाव बढ़ा और वह फट गया। टायर फटने के तुरंत बाद अगले हिस्से से लपटें उठने लगी थीं।
नई बस में सवार थे केवल दो लोग
यह बस पीथमपुर से कटक (ओडिशा) ले जाई जा रही थी। नई बस होने के कारण इसमें केवल ड्राइवर और एक हेल्पर मौजूद थे। आग बुझने के बाद पुलिस ने हाईवे पर बाधित हुए यातायात को सुचारू कराया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
