खातेगांव-कन्नोद क्षेत्र में भारी बारिश, सोयाबीन की फसल पर मंडराया संकट, खेत बने तालाब, उफनते नाले में बहा युवक
By Admin@News
जुलाई 2, 2026
मालवा जंक्शन, कन्नोद।
मध्यप्रदेश में मानसून ने अपनी रफ़्तार पकड़ ली है। पुरे प्रदेश को कवर करने के बाद अब झमाझम बारिश भी देखने को मिल रही है। कल बुधवार को देवास समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हुई। कई जगह नदियां उफान पर आ गई तो कई जगह नालों ने भी अपना विकराल रूप दिखा दिया। आज गुरुवार को भी प्रदेश के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
खातेगांव-कन्नौद क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने खेती-किसानी की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को तेज बारिश के बाद बुधवार को भी दिनभर रिमझिम फुहारें पड़ती रहीं। इस लगातार पानी गिरने से क्षेत्र के कई नदी-नाले उफान पर आ गए हैं, वहीं पानी का सही निकास न होने से खेत तालाब जैसे नजर आने लगे हैं। इससे किसानों की हाल ही में अंकुरित हुई सोयाबीन की नई फसल पर खतरा मंडराने लगा है।
भू-संसाधन प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को खातेगांव में जिले की सबसे ज्यादा 115 मिमी (लगभग 4.5 इंच) बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सतवास में 84 मिमी (लगभग 3.3 इंच) और कन्नौद में 65 मिमी (लगभग 2.5 इंच) पानी गिरा।
1 जून से अब तक की बात करें तो खातेगांव में कुल 414 मिमी (लगभग 16.3 इंच), सतवास में 236 मिमी (लगभग 9.3 इंच) और कन्नौद में 196 मिमी (लगभग 7.7 इंच) बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है।
कन्नौद में बारिश की स्थिति
कन्नौद के कुसमानिया इलाके में भी पिछले दो दिनों से दोपहर के बाद मौसम बदल रहा है और तेज बौछारें पड़ रही हैं। बुधवार शाम करीब चार बजे शुरू हुई दो घंटे की झमाझम बारिश ने खेतों को पानी से सराबोर कर दिया।
किसानों का कहना है कि महंगे दामों पर खरीदा गया सोयाबीन का जो बीज अभी कुछ दिन पहले ही अंकुरित हुआ था, वह लगातार पानी जमा रहने से सड़ सकता है या बह सकता है।
दोबारा बुवाई का डर, दोगुनी हो जाएगी लागत
परेशान किसानों का कहना है कि अगर बारिश का यह दौर ऐसे ही चलता रहा और खेतों से पानी नहीं निकला, तो फसल पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी। ऐसी स्थिति में उन्हें दोबारा से बुवाई करनी पड़ेगी। इससे खाद, बीज और मजदूरी का खर्च सीधे दोगुना हो जाएगा, जिससे किसानों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ेगा। यही वजह है कि अब किसानों की नजरें टकटकी लगाए आसमान और मौसम के मिजाज पर टिकी हैं।
उफनते नाले में बाइक सहित बहा युवक
इस भारी बारिश के बीच सतवास तहसील के लोहारदा क्षेत्र से एक लापरवाही का मामला भी सामने आया। यहां एक युवक उफनते हुए नाले को पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी पानी के तेज बहाव में वह अपनी मोटरसाइकिल समेत बह गया।
गनीमत यह रही कि आसपास कुछ लोग मौजूद थे। लोगों की मुस्तैदी और खुद के प्रयासों की वजह से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रशासन ने भी लोगों से उफनते नदी-नालों को पार न करने की अपील की है।
