खातेगांव में खराब सड़क से परेशान लोगों ने किया चक्काजाम, तिवड़िया रोड पर जलभराव और मिट्टी से बढ़े हादसे, प्रशासन ने दिया आश्वासन

By Ashish Meena
जुलाई 2, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
खातेगांव के मेघनाथ चौराहा-तिवड़िया रोड की जर्जर स्थिति से नाराज स्थानीय निवासियों ने गुरुवार दोपहर को सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर फैले कीचड़, जलभराव और असुरक्षित मार्ग के कारण बढ़ रही दुर्घटनाओं पर प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया।

खतरा बनी सड़क, राहगीर हो रहे घायल

प्रदर्शन का नेतृत्व पार्षद संगीता यादव, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील यादव, जनपद उपाध्यक्ष मनीष पटेल और किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश बरड़ ने किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग तीन प्रमुख स्कूलों को जोड़ता है, जहां से प्रतिदिन हजारों विद्यार्थियों समेत 30 से अधिक गांवों के लोग गुजरते हैं।

जल-जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के बाद सड़क पर बिखरी मिट्टी और कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन चालक लगातार फिसल रहे हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। साथ ही, सड़क के किनारे नाले के कटाव से मार्ग के धंसने का खतरा भी मंडरा रहा है।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला जाम

सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अखिलेश शर्मा और सीएमओ निखिलेश चिंतामन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत आती है। प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि तत्काल सड़क की मरम्मत की जाए, नाले की सफाई हो और बाहर निकल रहे खतरनाक सरियों को हटाया जाए। प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन मंगवाकर सड़क से मिट्टी हटाने का कार्य शुरू कराने के बाद जाम खुला।

पिछले साल भी वायरल हुआ था वीडियो
नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि बीते एक वर्ष से निरंतर मांग के बाद भी स्थिति जस की तस है। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले वर्ष इसी सड़क की बदहाली पर स्कूली छात्र मोनित जैन का वीडियो वायरल हुआ था, तब भी प्रशासनिक आश्वासन मिला था, लेकिन ठोस समाधान नहीं हुआ। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का स्थायी निर्माण नहीं हुआ, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।