खातेगांव मंडी में शुरू हुई चिया बीज की खरीदी, पहले दिन इतना भाव मिला, सोमवार से होगा विधिवत शुभारंभ
By Ashish Meena
जुलाई 3, 2026
मालवा जंक्शन, खातेगांव।
खातेगांव कृषि उपज मंडी में गुरुवार से औषधीय फसल चिया बीज की खरीदी शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश शासन द्वारा चिया बीज को अधिसूचित कृषि उपज घोषित किए जाने के बाद मंडी में पहली बार इसका व्यापार प्रारंभ हुआ है। पहले ही दिन मालसगोदा निवासी किसान रोहित की 3 क्विंटल चिया बीज की उपज नीलामी में 20,101 रुपए प्रति क्विंटल के सर्वोच्च भाव पर बिकी।
मंडी प्रशासन ने बुधवार को ही किसानों को चिया बीज की खरीदी शुरू होने की सूचना दी थी। इसके बाद गुरुवार से मंडी में आवक प्रारंभ हो गई। हालांकि अब चिया सीड की खरीदी का विधिवत शुभारंभ सोमवार को विधायक आशीष शर्मा की उपस्थिति में किया जाएगा।
मंडी सचिव रघुनाथ सिंह लोहिया के अनुसार, मध्य प्रदेश शासन ने राजपत्र के माध्यम से चिया बीज सहित कई कृषि एवं औषधीय फसलों को कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1972 के तहत अधिसूचित किया है। इससे प्रदेश की सभी मंडियों में इन फसलों का विधिवत क्रय-विक्रय संभव हो गया है। मंडी प्रशासन ने क्षेत्र के किसानों से अपनी उपज खातेगांव मंडी में लाने की अपील की है।
पहले चिया बीज बेचने के लिए किसानों को लगभग 400 किलोमीटर दूर नीमच मंडी जाना पड़ता था। इससे परिवहन लागत बढ़ती थी और छोटे किसानों के लिए इतनी दूर उपज बेचना मुश्किल होता था। स्थानीय मंडी में खरीदी शुरू होने से अब किसानों के समय और खर्च दोनों की बचत होगी। यदि खातेगांव मंडी में नीमच के समान भाव मिलते हैं, तो बड़े किसान भी स्थानीय मंडी को प्राथमिकता देंगे।
कृषि विभाग के अनुसार, इस साल खातेगांव क्षेत्र में लगभग 3,610 हेक्टेयर में चिया की खेती हुई थी। औसतन 32 हजार क्विंटल उत्पादन का अनुमान है, जिसका बाजार मूल्य लगभग 58.50 करोड़ रुपए हुआ। यदि यह पूरा व्यापार खातेगांव मंडी में होता, तो मंडी समिति को लगभग 87 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हो सकता था। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि स्थानीय स्तर पर बेहतर विपणन व्यवस्था मिलने से आगामी वर्षों में चिया की खेती का रकबा और उत्पादन दोनों बढ़ने की संभावना है।
