मालवा जंक्शन की खबर का असर: खातेगांव तहसील के हरणगांव में खौफनाक हत्याकांड का हुआ खुलासा, JCB से कुचलकर की वृद्ध की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार, मशीन और ट्रैक्टर जब्त
By Ashish Meena
जुलाई 10, 2026
मालवा जंक्शन, खातेगांव।
देवास जिले की खातेगांव तहसील के हरणगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निवारदी के जंगल में गिल्ली बीनने गए एक 62 वर्षीय वृद्ध की बेरहमी से हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपियों ने विवाद के चलते वृद्ध को जेसीबी मशीन से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल जेसीबी व ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। मालवा जंक्शन ने प्रमुखता से इस मामले को उठाकर खबर प्रकाशित की थी और हरणगांव थाना प्रभारी अभिषेक सेंगर से बातचीत की थी।
जंगल में हुआ विवाद
हत्याकांड का खुलासा करते हुए थाना प्रभारी अभिषेक सेंगर ने मालवा जंक्शन को बताया कि निवारदी के जंगल में वन विभाग द्वारा तार फेंसिंग का कार्य चल रहा था, जहाँ जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर का उपयोग किया जा रहा था। इसी दौरान 1 जुलाई को ग्राम निवारदी निवासी जयनारायण (62 वर्ष) जंगल में गिल्ली एकत्र करने गए थे। वहाँ मौजूद उम्मेदसिंह सेंधव, नीलेश भोसले और अविनाश भोसले का जयनारायण से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने जयनारायण को जेसीबी से कुचलकर उनकी जान ले ली।

आरोपियों पर सख्त धाराएं लागू
पुलिस ने इस मामले में ग्राम सातल कोलारी निवासी आरोपी उम्मेदसिंह सेंधव (32 वर्ष), नीलेश भोसले (28 वर्ष) और अविनाश भोसले (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103, 238A, 35 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
गुरुवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस निर्मम हत्या ने पुरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
