कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन फिर शुरू, PM मोदी बोले- पेपर लीक के दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी
By Ashish Meena
जुलाई 21, 2026
कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP का जंतर-मंतर पर फिर प्रदर्शन शुरू हो गया है। इस बीच NDA संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि पेपर लीक मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। यह जानकारी संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने दी। उन्होंने बताया कि पीएम ने यह भी विश्वास दिलाया है कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।
उधर, CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि सोमवार को संसद मार्च में पुलिस ने बर्बरता की। सोनम वांगचुक ने पुलिस की कार्रवाई देखने के बाद अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है। दीपके ने कहा, ‘हम संसद मार्च आज इसलिए नहीं निकाल रहे हैं, क्योंकि इस सरकार और पुलिस ने छात्रों का खून बहाया है। इन्हें छात्रों की कोई परवाह नहीं है, लेकिन हमें है।’
CJP के प्रदर्शन पर कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा, ‘सोमवार को सरकार का बेहद क्रूर रवैया देखने को मिला। देशभर से छात्र सिर्फ NEET और CBSE परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करने आए थे।’ उन्होंने आगे कहा कि हम आज फिर संसद में यह मुद्दा उठाएंगे। हमने पहले ही लाठीचार्ज की निंदा करते हुए स्थगन प्रस्ताव दिया है। साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NEET व CBSE परीक्षा पेपर लीक मामले में स्पष्ट कार्रवाई की मांग की है।’
प्रियंका गांधी ने कहा- शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी, इस्तीफा दें
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ‘यह सरकार पूरी तरह युवा विरोधी है। यह युवाओं, गरीबों और किसानों के खिलाफ है। पिछले 12 साल से हम यही देख रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘जब किसान आंदोलन करते हैं तो उन्हें दबाया जाता है। अब छात्रों की आवाज भी दबाई जा रही है। वे बच्चे हैं, उनकी बात शांतिपूर्वक सुननी चाहिए।’ उन्होंने आगे कहा, ‘यह शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी है। उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। एक समय था जब मंत्री अपनी जिम्मेदारी लेते थे। मुझे याद है कि 1980 के दशक में एक ट्रेन हादसे के अगले ही दिन मंत्री ने इस्तीफा दे दिया था। इसलिए जिम्मेदारी लीजिए, इस्तीफा दीजिए और सबसे जरूरी, व्यवस्था को ठीक कीजिए।’
