खातेगांव में दूध उत्पादकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, आज सभी डेयरियां रहेंगी बंद, दूध के दाम बढ़ाने की मांग

By Ashish Meena
अगस्त 16, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
खातेगांव क्षेत्र में दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों ने दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर रविवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इस आंदोलन को व्यापक समर्थन मिल रहा है, जिसके चलते क्षेत्र की सभी डेयरियां भी पूरी तरह बंद रहेंगी। दुग्ध उत्पादकों का तर्क है कि पिछले कुछ समय में पशु आहार, खली, काकड़ा और चारे की कीमतों में लगातार भारी बढ़ोतरी हुई है, जिसके कारण पशुपालन की लागत काफी बढ़ गई है और मौजूदा दरों पर लागत निकालना असंभव हो गया है।

आंदोलन की रूपरेखा तय करने के लिए शनिवार रात एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें दुग्ध उत्पादकों ने डेयरी संचालकों से इस हड़ताल में पूर्ण सहयोग देने की अपील की। इसके पश्चात डेयरी संचालकों की सहमति का एक पत्र स्थानीय थाने में भी सौंपा गया।

गाय के दूध का भाव 12 रुपए प्रति फैट करने की मांग

इससे पहले दुग्ध उत्पादकों और विक्रेताओं ने खातेगांव एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर वर्तमान दूध दरों को अपर्याप्त बताया था। साथ ही मांग पूरी न होने पर 16 अगस्त से दूध की आपूर्ति अनिश्चितकाल के लिए ठप करने की चेतावनी दी थी। ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र के अधिकांश किसान खेती के साथ-साथ पशुपालन पर भी निर्भर हैं। बढ़ती महंगाई को देखते हुए उन्होंने मांग की है कि गाय के दूध की मौजूदा दर 10 रुपए प्रति फैट से बढ़ाकर 12 रुपए प्रति फैट और भैंस के दूध की दर 11 रुपए प्रति फैट की जाए। इसके अतिरिक्त खुले दूध का विक्रय मूल्य 70 रुपए प्रति लीटर निर्धारित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई है।

जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आपूर्ति रहेगी बंद

दुग्ध उत्पादकों ने दो टूक शब्दों में ऐलान किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक खातेगांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दूध की आपूर्ति पूरी तरह बंद रखी जाएगी। साथ ही स्थानीय डेयरियों को बंद रखने के साथ-साथ बाहर से दूध लाने वाले विक्रेताओं के खातेगांव तहसील में प्रवेश पर भी रोक लगाने का कड़ा निर्णय लिया गया है। उत्पादकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक उग्र करेंगे।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»