देवास जिले में बड़ा हादसा, रक्षाबंधन मनाने भाई के घर जा रही महिला पर चढ़ा ट्रक, मौत

By Ashish Meena
अगस्त 28, 2026

मालवा जंक्शन, देवास।
देवास में भोपाल बायपास पर जामगोद के पास एक भीषण सड़क हादसे में राखी बांधने जा रही महिला की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर बैठी महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके पति बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं।

जानकारी के अनुसार, उज्जैन जिले के घट्टिया क्षेत्र की रहने वाली शोभाबाई (पत्नी गणेश परमार) अपने पति गणेश के साथ गुरुवार शाम को बाइक पर सवार होकर भौंरासा जा रही थीं। शोभाबाई अपने भाई के यहां रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाने के लिए निकल थीं, लेकिन किसे पता था कि यह भाई-बहन का आखिरी त्योहार साबित होगा।

जब वे भोपाल बायपास पर जामगोद के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पति-पत्नी बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्भाग्यवश, शोभाबाई सीधे ट्रक के पहिए की चपेट में आ गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनके पति गणेश परमार को इस हादसे में हल्की चोटें आईं हैं। पति गणेश परमार ने बताया कि ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से बहुत तेज गति से टक्कर मारी थी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद शोभाबाई को मृत घोषित कर दिया।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»