थाने में आत्मदाह, इलाज के दौरान हुई मौत, पुलिस पर गंभीर आरोप
By Ashish Meena
अगस्त 31, 2026
मालवा जंक्शन, इंदौर।
इंदौर के धर्मपुरी थाने में आत्मदाह का प्रयास करने वाली महिला दीपिका ठाकुर की इलाज के दौरान इंदौर के महाराजा यशवंतराव (MY) अस्पताल में मौत हो गई। 23 अगस्त को न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए महिला ने थाने के अंदर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी, जिसमें वह गंभीर रूप से झुलस गई थी। महिला की मौत के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और मामले ने राजनीतिक व प्रशासनिक तूल पकड़ लिया है।
अस्पताल में तोड़ा दम, सामने आया सनसनीखेज वीडियो
अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ने के बाद दीपिका का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में महिला का दावा है कि वह बीते 8-9 महीनों से न्याय के लिए आला अधिकारियों और थाने के चक्कर लगा रही थी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उसने अपने परिजनों पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
पुलिस की सफाई: संपत्ति विवाद का था मामला
दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि महिला का अपने मायके वालों (पिता और भाई) से संपत्ति और पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस का दावा है कि महिला पुलिस पर पिता व भाई से रुपए दिलाने का अनुचित दबाव बना रही थी। घटना वाले दिन जब पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, तो उसने आत्मदाह कर लिया। इस घटना में महिला को बचाने के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी झुलस गए थे।
पति पर केस दर्ज, जांच जारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने दीपिका के पति कासिम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। महिला की मौत के बाद से ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
