बदनामी का डर बना बेटी की मौत का कारण, पिता और चाचा ने की बेटी की हत्या
By Ashish Meena
सितम्बर 1, 2026
ग्वालियर शहर से लगे एक गांव में परिवार की कथित बदनामी से नाराज पिता और चाचा पर अपनी 21 वर्षीय बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका की पहचान अन्नू उर्फ नंदिनी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में उसके पिता भगवान सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चाचा संतोष यादव फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार नंदिनी करीब 10 दिन पहले कर्नाटक से अपने गांव लौटी थी। उसके साथ एक युवक भी आया था। नंदिनी ने युवक को अपने परिवार और गांव वालों से अपना मुंहबोला भाई मनमोहन पांडेय बताया था। बताया जा रहा है कि नंदिनी ने मनमोहन को अपने घर में ही रहने की जगह दी थी। युवक के उसके साथ घर में रहने को लेकर गांव में चर्चाएं होने लगी थीं।
पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर नंदिनी के पिता भगवान सिंह यादव और चाचा संतोष यादव नाराज थे। दोनों इसे परिवार की बदनामी से जोड़कर देख रहे थे। सोमवार को इसी बात को लेकर घर में विवाद हो गया। आरोप है कि पिता और चाचा ने पहले मनमोहन पांडेय के साथ मारपीट की।
मनमोहन को बचाने के लिए नंदिनी बीच में आई तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि नंदिनी का सिर दीवार से टकराया गया और डंडे से भी हमला किया गया। इसके बाद साफी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पिता भगवान सिंह यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है, जबकि चाचा संतोष यादव की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में घटनाक्रम और हत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
