खातेगांव आएंगे शिवराज सिंह चौहान, इस दिन कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

By Ashish Meena
सितम्बर 3, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
क्षेत्रीय सांसद और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का शनिवार को खातेगांव में दौरा रहेगा। विधायक आशीष शर्मा ने मालवा जंक्शन से बातचीत में जानकारी दी। इस दौरान वे कई स्थानीय आयोजनों में शिरकत करेंगे और नागरिकों, विद्यार्थियों एवं महिलाओं से संवाद करेंगे। उनके इस दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला और स्थानीय कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा। शिवराज सिंह चौहान दोपहर 01:00 बजे सबसे पहले स्थानीय सुषमा स्वराज स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां वे निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इस दौरान वे युवाओं को हुनरमंद बनने और रोजगार के अवसरों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

इसके पश्चात वे इंद्रप्रस्थ गार्डन जाएंगे और वहां आयोजित होने वाले मेधावी छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस आयोजन में क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद वे पुनः सुषमा स्वराज स्टेडियम लौटेंगे और वहां आयोजित भव्य रक्षाबंधन उत्सव में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और बहनों द्वारा केंद्रीय मंत्री को रक्षासूत्र बांधकर अभिनंदन किया जाएगा।

प्रस्थान: सभी कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद, शाम करीब साढ़े पांच बजे वे खातेगांव से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। केंद्रीय मंत्री के इस दौरे को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल द्वारा चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं ताकि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»