कन्नोद पुलिस ने मोटर पंप चोरी की गैंग का किया पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, 6 से ज्यादा पंप बरामद
By Ashish Meena
सितम्बर 4, 2026
कन्नौद पुलिस ने किसानों के खेतों से मोटर पंप चोरी करने वाली एक गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गुरुवार को गैंग के सरगना समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास 6 से ज्यादा चोरी के मोटर पंप बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
किसानों ने पंप चोरी की शिकायत की थी
पुलिस के मुताबिक, ग्राम बावड़ीखेड़ा में किसानों के मोटर पंप चोरी होने की शिकायत मिली थी। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। साथ ही, पुलिस ने मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की पहचान की।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा
जांच के दौरान ग्राम घोघड़ा के तीन युवकों के नाम सामने आए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर विशाल पिता मुकेश, गंगाराम पिता मुन्नालाल और अनिल पिता गुलाब सिंह, निवासी घोघड़ा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने बावड़ीखेड़ा और आसपास के इलाकों से मोटर पंप चोरी करना मान लिया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चोरी की मोटरों को सीधे बेचने के बजाय कबाड़ियों के जरिए बेचते थे। आरोपियों की जानकारी पर पुलिस ने ग्राम खारदा निवासी राकेश पिता प्रकाश और बोरदा निवासी कबाड़ी फारूख पिता नफीस खां को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया
टीआई तहजीब काजी के अनुसार, राकेश चोरी की मोटरों को कटवाकर और तोड़फोड़ कर फारूख को बेचता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों से चोरी का माल बरामद किया। पुलिस ने पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी में प्रधान आरक्षक बालकृष्ण छापे, प्रधान आरक्षक सुनील प्रजापति, प्रधान आरक्षक धन्नालाल, आरक्षक बाबी वर्मा, अजय, राहुल सोनी और हर्षवर्धन सिंह का योगदान रहा।
