छह दिन की तलाश का दर्दनाक अंत, कुएं में मिला नाबालिग का शव, FSL जांच में जुटी

By Ashish Meena
सितम्बर 7, 2026

मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के बकस्वाहा थाना अंतर्गत सुनवाहा गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बीते 31 अगस्त से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता 15 वर्षीय नाबालिग का शव गांव के ही एक खेत में स्थित कुएं में तैरता हुआ मिला। 6 दिनों बाद किशोर का शव बरामद होने की खबर से परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मां को लेने जाने का कहकर निकला था घर से

मृतक की पहचान नैतिक साहू (15), निवासी सुनवाहा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार 31 अगस्त से था लापता: नैतिक 31 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे परिजनों से यह कहकर घर से निकला था कि वह मां को लेने बकस्वाहा जा रहा है। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के सभी संभावित ठिकानों पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला था।

किसान की नजर पड़ते ही हुआ खुलासा

सुनवाहा स्थित ‘पुतानउ हार’ के एक खेत में जब स्थानीय किसान मवेशियों के लिए चारा काटने पहुंचा, तब उसकी नजर कुएं में तैरते हुए शव पर पड़ी। किसान द्वारा शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां परिजनों ने कपड़े और हुलिए के आधार पर मृतक की पहचान नैतिक साहू के रूप में की।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, सभी एंगल से जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही बकस्वाहा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक (FSL) टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर पंचनामा बनाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। नाबालिग कुएं तक कैसे पहुंचा और यह महज एक हादसा है या किसी साजिश का परिणाम, पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।