चलती क्लास में छात्रा पर गिरी फॉल्स सीलिंग, सिर और हाथ में गंभीर चोट; रानी दुर्गावती नर्सिंग कॉलेज में मचा हड़कंप
By Ashish Meena
सितम्बर 17, 2026
मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित प्रतिष्ठित शासकीय रानी दुर्गावती नर्सिंग कॉलेज से एक हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ कॉलेज भवन के रूम नंबर 13 में चलती क्लास के दौरान अचानक फॉल्स सीलिंग का एक बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा। इस हादसे में एमएससी नर्सिंग (M.Sc. Nursing) की एक छात्रा गंभीर रूप से चोटिल हो गई है।
क्लास में मौजूद थे 23 छात्र, बड़ा हादसा टला
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त क्लास रूम में लगभग 23 छात्र-छात्राएं मौजूद थे और पढ़ाई चल रही थी। अचानक सीलिंग गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक छात्रा के सिर और हाथ में चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि सीलिंग का बड़ा हिस्सा सीधे किसी छात्र के ऊपर नहीं गिरा, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
100 साल से अधिक पुरानी है इमारत, पहले भी गिर चुका है प्लास्टर
कॉलेज प्रबंधन और छात्रों के अनुसार, शासकीय रानी दुर्गावती नर्सिंग कॉलेज की यह इमारत 100 साल से भी अधिक पुरानी और बेहद जर्जर अवस्था में है। इससे पहले भी क्लास रूम का प्लास्टर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं।
PWD की लापरवाही पर उठे सवाल
इमारत की जर्जर स्थिति को देखते हुए लंबे समय से लोक निर्माण विभाग (PWD) को मरम्मत कार्य के लिए कहा गया है, लेकिन पीडब्ल्यूडी का मरम्मत कार्य महीनों से अटका पड़ा हुआ है। इस हादसे के बाद छात्रों में भय का माहौल है और उन्होंने कॉलेज प्रशासन व पीडब्ल्यूडी के खिलाफ नाराजगी जताई है।
