खातेगांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खातेगांव में ब्लड स्टोरेज यूनिट का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक आशीष शर्मा द्वारा किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से अब खातेगांव क्षेत्र के मरीजों को आपात स्थिति में रक्त उपलब्ध कराने में सुविधा मिलेगी। खासकर गंभीर मरीजों और तत्काल रक्त की आवश्यकता वाले मामलों में यह यूनिट महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
शुभारंभ अवसर पर विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि खातेगांव क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बड़े शहरों में उपलब्ध रक्त संबंधी सुविधाओं की दिशा में खातेगांव में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। ब्लड स्टोरेज यूनिट के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी, जिससे आपात परिस्थितियों में किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिल सकेगा।
विधायक ने कहा कि कई बार दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी अथवा अन्य आपात परिस्थितियों में मरीज को तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में रक्त की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण होती है। खातेगांव स्वास्थ्य केंद्र में ब्लड स्टोरेज यूनिट शुरू होने से मरीजों और उनके परिजनों को रक्त की व्यवस्था के लिए दूर जाने की परेशानी कम होगी।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित गुर्जर, विधानसभा संयोजक डॉ. आरएन यादव, अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश राबड़िया, वीरेंद्र राजावत, पंकज पटेल, दीपक पटेल, राजेश गोस्वामी, मनोज बैरागी, धीरज जोशी सहित सभी पार्षद उपस्थित रहे। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. तुषार गुप्ता, डॉ. शुभम तिवारी सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मेडिकल स्टाफ, भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने ब्लड स्टोरेज यूनिट को क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में उपयोगी पहल बताया।
आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena
ashish-meena
आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।