देवास जिले में प्रेम प्रसंग के विवाद में दो दोस्तों पर चाकू से हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
By Ashish Meena
सितम्बर 20, 2026
मालवा जंक्शन, देवास।
देवास जिले के दूरस्थ अंचल उदयनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अंजनपुरा पोलाखाल में प्रेम प्रसंग के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लोडिंग वाहन से आवाजाही के दौरान एक युवती से संपर्क और बातचीत के विवाद को लेकर तीन आरोपियों ने मिलकर दो दोस्तों पर ताबड़तोड़ चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका वर्तमान में निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
उदयनगर पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक वारदात शनिवार देर रात अंजनपुरा गांव में स्थित शासकीय स्कूल के समीप घटित हुई। मृत युवक की पहचान 18 वर्षीय अजय (पुत्र सुरेश चौहान, निवासी सड़क मोहल्ला, ग्राम पीपलपाटी) के रूप में हुई है, जबकि इस हमले में गंभीर रूप से घायल होने वाला उसका दोस्त कान्हा (पुत्र प्रभु, निवासी ग्राम पीपरी) है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक अजय और उसका घायल साथी कान्हा जब लोडिंग वाहन से क्षेत्र में आते-जाते थे, उसी दौरान उनका संपर्क एक युवती से हुआ था। युवती से लगातार संपर्क और बातचीत को लेकर ही उपजे विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि यह खूनी रंजिश में बदल गया और आरोपियों ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दे डाला।
शनिवार देर रात जब दोनों दोस्त अंजनपुरा में शासकीय स्कूल के पास मौजूद थे, तभी वहां घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने धारदार चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए। चाकू के गंभीर और गहरे घाव लगने से 18 वर्षीय अजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव और हमले में कान्हा बुरी तरह जख्मी होकर लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल कान्हा को तुरंत उदयनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत इंदौर रेफर कर दिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया
वारदात की गंभीरता को देखते हुए उदयनगर पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। उदयनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह सोलंकी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी राजू, बिरजू और रोहित ( तीनों निवासी ग्राम पोलाखाल) के रूप में चिन्हित किए गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
