गांधी जयंती पर खातेगांव में स्वच्छता अभियान: विधायक आशीष शर्मा ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, सफाईकर्मियों का किया सम्मान
By Ashish Meena
अक्टूबर 2, 2026
खातेगांव में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी मंडल खातेगांव द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश एवं जिला संगठन के निर्देशानुसार सामुदायिक भवन में मंडल की मासिक बैठक विधायक आशीष शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई।
बैठक की शुरुआत महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। मंडल अध्यक्ष ललित गुर्जर ने कार्यकर्ताओं को संगठन द्वारा किए गए पिछले कार्यों की समीक्षा कर उनके प्रयासों की सराहना की। साथ ही आगामी सेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में 3 अक्टूबर को अजनास में जनकल्याण शिविर, 4 अक्टूबर को नगर परिषद खातेगांव में जनकल्याण शिविर एवं वृद्धाश्रम में सेवा कार्य, 6 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खातेगांव में नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर, 7 अक्टूबर को जिला स्तर पर ज्योति यात्रा, 8 अक्टूबर को दिव्यांगजन सशक्तीकरण गतिविधियां तथा 9 अक्टूबर को नगर खातेगांव में वृहद वृक्षारोपण सहित आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद विधायक आशीष शर्मा के नेतृत्व में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत अमृता देवी चौराहा से शंकर मंदिर अजनास रोड तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान विधायक ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में नगर परिषद के स्वच्छता कर्मचारियों का दुपट्टा पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विधानसभा संयोजक डॉ. आरएन यादव, विधानसभा प्रभारी वीरेंद्र सिंह राजावत, मंडल अध्यक्ष ललित गुर्जर, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र चौधरी सहित भाजपा के पदाधिकारी, पार्षद, जनप्रतिनिधि, मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
