ब्रेकिंग: देवास एसपी पुनीत गहलोत का भोपाल तबादला, आदित्य मिश्रा होंगे देवास के नए पुलिस अधीक्षक
By Ashish Meena
अक्टूबर 27, 2026
मालवा जंक्शन, देवास।
मध्यप्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा फेरबदल करते हुए सागर और देवास जिले के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को उनके पदों से हटा दिया है। हाल ही में अवैध और कथित जहरीली शराब से जुड़े मामलों की चर्चा के बीच यह प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। गृह विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, अब सागर जिले की कमान संजीव कुमार सिन्हा को सौंपी गई है, जबकि देवास में आदित्य मिश्रा को नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, हटाए गए अधिकारियों अनुराग सुजानिया और पुनीत गहलोत को आगामी आदेश तक पुलिस मुख्यालय, भोपाल में पदस्थ किया गया है।
हालांकि शासन की ओर से जारी तबादला आदेश में इन प्रशासनिक बदलावों का कोई विशेष कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन इसे हालिया हालातों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है। इस फेरबदल से दोनों जिलों के पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि सरकार आने वाले दिनों में कुछ और जिलों में भी प्रशासनिक कसावट ला सकती है।
