देवास जिले में बड़ा हादसा: खेत पर काम कर रहे मां-बेटे पर गिरी आकाशीय बिजली, दो महीने बाद होने वाली थी बेटे की शादी
By Ashish Meena
अक्टूबर 20, 2026
मालवा जंक्शन, देवास।
देवास जिले के पांदा जागीर गांव में सोमवार दोपहर खेत पर काम कर रहे मां-बेटे पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में 25 वर्षीय बेटे शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां निर्मला बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बारिश के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, निर्मला बाई अपने बेटे शिवम के साथ सोमवार सुबह खेत पर काम करने गई थीं। दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम खराब हुआ और झमाझम बारिश शुरू हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, उन्हें बारिश शुरू होने पर घर लौटने की सलाह भी दी गई थी। जब वे बाइक के पास खड़े होकर घर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक तेज कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर आ गिरी।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल निर्मला बाई को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया है।
मातम में बदलीं शादी की खुशियां
इस हादसे ने एक हंसते-खेते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। मृतक शिवम की मात्र पांच महीने पहले ही सगाई हुई थी और आगामी दो महीनों में उसकी शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। कुछ साल पहले शिवम के सिर से पिता का साया भी उठ चुका था। परिवार में अब उसकी 15 साल की छोटी बहन और घायल मां ही बची हैं, जिनपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
