मप्र में तबाही मचाएगा डाना तूफान! अगले 48 घंटों में इन जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

By Ashish Meena
अक्टूबर 23, 2024

MP Hindi News : अलग-अलग स्थानों पर बनी तीन मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं के साथ नमी आने का सिलसिला बना हुआ है। इस वजह से प्रदेश के अधिकतर जिलों में आंशिक बादल छाने लगे हैं। इसके साथ ही इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा भी हो रही है। इसी क्रम में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक खंडवा में 42 मिलीमीटर वर्षा हुई।

इंदौर संभाग में और बारिश की संभावना
प्रदेश में सबसे अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। प्रदेश के नौ शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। इनमें रायसेन, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नौगांव, रीवा, टीकमगढ़, उमरिया एवं मलाजखंड शामिल हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, बुधवार को भी इंदौर संभाग में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में अवदाब का क्षेत्र बना हुआ है। कर्नाटक के तट पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। राजस्थान पर प्रेरित चक्रवात अभी भी मौजूद है।

हवाओं के साथ आ रही नमी
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में हवाओं का रुख दक्षिणी एवं दक्षिण-पश्चिमी बना हुआ है। हवाओं के साथ नमी आने के कारण ही आंशिक बादल बने हुए हैं। इसके साथ ही इंदौर संभाग में कहीं-कहीं वर्षा हो रही है। मौसम का इस तरह का मिजाज बुधवार को भी बना रहने की संभावना है।

डाना तूफान
उधर, बंगाल की खाड़ी में मौजूद अवदाब के क्षेत्र के पश्चिम दिशा की तरफ बढ़ते हुए पहले तूफान फिर तीव्र तूफान में बदलकर 25 अक्टूबर की सुबह ओडिशा के पुरी के तट के आसपास टकराने की संभावना है। इस तूफान को डाना नाम दिया गया है। इसके प्रभाव से 25 अक्टूबर से प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादल छा सकते हैं। साथ ही पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा भी हो सकती है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»