पति-पत्नी ने पहले तीन साल की बेटी को फंदे से लटकाया, फिर खुद की आत्महत्या
By Ashish Meena
अप्रैल 20, 2026
हरियाणा के कुरुक्षेत्र के प्रेम नगर क्षेत्र में पति-पत्नी ने पहले अपनी तीन साल की बीमार बच्ची को फंदे पर लटकाया और फिर खुद भी झूल गए। घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में तीनों लटके मिले जबकि कमरा बंद था। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना का पता उस समय चला जब समीप ही रहने वाले एक रिश्तेदार के मोबाइल पर मृतक जितेंद्र की ओर से भेजा गया टेक्स्ट मैसेज आया।
इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। कृष्ण गेट एसएचओ बलजीत सिंह डीएसपी सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। कमरा खोलने पर करीब 32 वर्षीय जितेंद्र, उसकी 30 वर्षीय पत्नी युक्ता और उनकी तीन वर्षीय बेटी माधवी के शव लटके हुए थे। पुलिस ने तीनों को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई।
अंबाला में नौकरी करता था जितेंद्र
जितेंद्र अंबाला पोस्ट ऑफिस में नौकरी करता था। उसकी पत्नी हाउसवाइफ थी। बताया जा रहा है कि उनकी तीन वर्षीय बेटी पैरालाइज्ड थी जिससे वह दोनों काफी परेशान रहते थे और इसी वजह से ही उन्होंने यह कदम उठा लिया।
करनाल के सीकरी गांव के रहने वाले हैं
जितेंद्र मूल रूप से करनाल के सीकरी गांव के रहने वाले हैं और करीब 15 वर्षों से यहां प्रेम नगर में रह रहे हैं। जितेंद्र के पिता महेंद्र सिंह पंजाब पुलिस में थाना प्रभारी रहे हैं जिनकी कुछ साल पहले मौत हो गई थी। जितेंद्र का एक भाई कई वर्षों से कनाडा में रह रहा है।
