ब्रेकिंग: मध्यप्रदेश में बड़ी घटना, विजयपुर में मतदान से एक दिन पहले हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, बदमाशों ने आदिवासियों पर चलाई गोलियां, कई लोग घायल

By Ashish Meena
November 12, 2024

MP Breaking News : मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की वोटिंग से एक दिन पहले फायरिंग की घटना हुई। बाइक से आए 9 बदमाशों ने आदिवासी लोगों को धमकाया भी। वहीं, फायरिंग में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। गांव वालों ने एक आरोपी को बंदूक के साथ पकड़ लिया। जिसके साथ मारपीट कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना के बाद थाने पर भाजपा और कांग्रेस के लोग इकट्ठा हो गए। यह वारदात सोमवार रात 12 बजे ढोढर थाना क्षेत्र के धनाचया गांव में हुई। कांग्रेस ने भाजपा पर अराजकता फैलाने और गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया है। बता दें कि विजयपुर में आचार संहिता लागू है। सोमवार शाम 5 बजे ही चुनाव प्रचार थमा है। यहां कल 13 नवंबर को वोटिंग होनी है।

हमले में घायल प्रकाश और हरविलास आदिवासी ने बताया कि रात में कुछ लोग बाइक से आए थे। सभी के हाथ में बंदूकें थीं। आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सूचना मिलने पर एसडीओपी राजीव कुमार गुप्ता पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे। अन्य आरोपियों की तलाश में टीमों को रवाना किया गया।

श्योपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अतुल सिंह चौहान का कहना है कि भाजपा के लोग अराजकता फैलाकर गुंडागर्दी की राजनीति करना चाहते हैं। गरीब आदिवासियों पर इस तरह फायरिंग करना उनकी ओछी मानसिकता को दर्शाता है। प्रशासन और पुलिस को आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए, नहीं तो कांग्रेस आदिवासियों के साथ मिलकर लड़ाई लड़ेगी। विजयपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले प्रशासन और पुलिस ने जिलेभर के सभी शस्त्र लाइसेंस थानों में जमा करवा लिए थे।

इसके बावजूद आरोपी बंदूक लेकर गांव में कैसे पहुंचे? कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब लाइसेंस जमा हो गए थे तो हथियार कहां से आए? विजयपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा विकास के मुद्दे पर और कांग्रेस गद्दारी के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है, लेकिन जातिगत समीकरण चुनाव में हावी हैं। कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा के समर्थन में आदिवासी और कुशवाह समाज के लोग लामबंद होते नजर आ रहे हैं।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena

ashish-meena