MP भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी का जल्द होगा विस्तार, खंडेलवाल की नई टीम में नए चेहरों को मिलेगा मौका! संघ की सहमति अनिवार्य

By Ashish Meena
November 26, 2025

MP BJP New Teem : मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) में संगठन को और मजबूत करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करने जा रहे हैं। इस विस्तार के बाद, प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्यों की नियुक्ति की जाएगी, जिससे लंबे समय से जिम्मेदारी से मुक्त रहे वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को फिर से मुख्यधारा में आने का मौका मिलेगा।

खंडेलवाल ने हाल ही में मनोरंजन मिश्रा को मोर्चा प्रभारी बनाकर यह संकेत स्पष्ट कर दिया है, जो दस वर्षों से संगठन की औपचारिक जिम्मेदारी से मुक्त थे।

युवा और अनुभवी नेतृत्व का संतुलन
खंडेलवाल की नई टीम के गठन में पीढ़ी परिवर्तन की स्पष्ट झलक देखने को मिल रही है। भोपाल से राहुल कोठारी को प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त करना और युवा मोर्चा की कमान 35 वर्षीय श्याम टेलर को सौंपना, यह दर्शाता है कि संगठन युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन पर विशेष ध्यान
अब तक की नियुक्तियों में संघ, संगठन और वरिष्ठों की प्राथमिकता को ध्यान में रखकर क्षेत्रीय व सामाजिक संतुलन बनाया गया है।

महिला प्रतिनिधित्व: पदाधिकारियों की घोषणा में सात महिलाओं को शामिल कर महिला नेतृत्व को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है।

संतुलित प्रतिनिधित्व: सभी वर्गों, क्षेत्रों और आयु समूहों का संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। वर्तमान प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल को दोबारा मौका देकर निरंतरता बनाए रखी गई है। कार्यकारिणी विस्तार में भी इसी ‘संतुलन फॉर्मूले’ को अपनाया जाएगा।

तेज गति से संगठन गठन
हेमंत खंडेलवाल ने पदभार ग्रहण करने के बाद मात्र तीन माह 21 दिन में 23 अक्टूबर को प्रदेश पदाधिकारियों की नियुक्ति की थी, जो पिछली नियुक्तियों की तुलना में काफी तेज है। इसके बाद उन्होंने 13 संभाग प्रभारी नियुक्त किए और सात में से छह मोर्चा अध्यक्षों की घोषणा भी कर दी है।

वर्तमान में केवल अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष और 17 प्रकोष्ठ के संयोजक नियुक्त किए जाने शेष हैं। यह गति पिछले प्रदेश अध्यक्षों—जैसे विष्णुदत्त शर्मा (10 माह 28 दिन) या स्व. नंदकुमार सिंह चौहान (सात माह पांच दिन) द्वारा लिए गए समय—की तुलना में बहुत तेज है।

विंध्य, महाकोशल और बुंदेलखंड से लिए जा सकते हैं पदाधिकारी
वैसे तो हेमंत खंडेलवाल ने अपनी कार्यकारिणी में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखा है। मालवा निमाड़ से 11, मध्य भारत व ग्वालियर चंबल से पांच-पांच पदाधिकारी बनाए, लेकिन बुंदेलखंड और विंध्य से तीन-तीन, महाकोशल से केवल दो पदाधिकारी ही लिए है। विंध्य, महाकौशल और बुंदेलखंड की कम संख्या को देखते हुए कार्यकारिणी विस्तार में इन क्षेत्रों के नेताओं को प्राथमिकता दी जा सकती है।

एमपी भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में सामूहिक नेतृत्व निर्णय लेता है। कार्यकर्ताओं की क्षमता और रुचि के आधार पर उन्हें काम दिया जाता है। संगठन की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल निरंतर निर्णय ले रहे हैं। पार्टी संगठन में युवा, अनुभवी और संगठन के लिए कार्य करने वाले जमीनी कार्यकर्ता है। भाजपा में ऐसे कार्यकर्ताओं को काम करने का अवसर निरंतर मिलता रहेगा।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

ashish-meena