शहडोल में युवक की निर्मम हत्या, बरुहा नदी किनारे मिला शव,शरीर पर धारदार हथियार के निशान

By Ashish Meena
सितम्बर 6, 2026

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
शहडोल। जिले सिंहपुर थाना क्षेत्र के बोड़री गांव में दिल दहला देने वाली वारदात हुई। 18 वर्षीय युवक अविनाश नापित की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। युवक बरुहा नदी के किनारे गंभीर हालत में मिला था। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, अविनाश घर के पास बरुहा नदी के किनारे बैठा था। इसी दौरान उसके पिता वहां से गुजरे। अविनाश ने उनसे कहा कि वह थोड़ी देर बाद घर आ जाएगा। कुछ समय बाद ही एक युवक ने उसके पिता को फोन कर बताया कि अविनाश नदी के पास खून से लथपथ पड़ा है।

सूचना मिलते ही पिता ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। अविनाश गंभीर हालत में पड़ा था और उसके गले पर धारदार हथियार से हमले का गहरा घाव था। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सिंहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
मृतक की पहचान सुनील नापित के बेटे अविनाश नापित निवासी अतरिया टोला बोड़री के रूप में हुई है। सिंहपुर थाना प्रभारी एसपी चतुर्वेदी ने बताया कि अज्ञात आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। हत्या किसने और किस वजह से की, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।