इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला की बस ने गायों को मारी टक्कर, मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने बस में लगा दी आग

By Ashish Meena
जुलाई 7, 2026

उज्जैन के पंथ पिपलाई में बलराम जाट ढाबे के पास सोमवार रात उज्जैन आ रही बस ने सड़क पर बैठी दो गायों को टक्कर मार दी। इससे दोनों गायों की मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने पहले यात्रियों को सुरक्षित उतारा, फिर पथराव कर बस के शीशे तोड़ दिए और बस में आग लगा दी। इससे पूरी बस जलकर खाक हो गई। बस इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला की बताई जा रही है। आग लगने से मौके पर हड़कंप मच गया और उज्जैन-इंदौर रोड पर अफरा-तफरी मच गई।

नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि दो गायों की मौत के बाद कुछ लोगों ने बस को नुकसान पहुंचाया। हालांकि, आशंका है कि बस में आग शॉर्ट सर्किट से लगी। मामले की जांच की जा रही है।

18 सितंबर 2025 – इंदौर-उज्जैन (सांवेर) रोड पर चार की मौत

गौरतलब है कि बाणेश्वरी ट्रैवल्स की बस ने बाइक सवार दंपती और दो बच्चों को कुचल दिया था। माता-पिता और एक बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे बेटे ने अरविंदो अस्पताल के आईसीयू में दम तोड़ दिया। महू एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी के मुताबिक, बस शुक्ला ब्रदर्स के नाम पर रजिस्टर्ड है और बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के ऑफिस से ऑपरेट होती है।

बस के कांच फोड़ दिए और आग लगाने की कोशिश

हादसे के बाद ड्राइवर और हेल्पर भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों ने आक्रोश में बस के कांच फोड़ दिए और आग लगाने की कोशिश की। एडिशनल एसपी द्विवेदी ने बताया कि हादसा ओवर स्पीड के चलते हुआ। बस ने बाइक को सामने से टक्कर मारी। हादसे के समय एक तरफ का रोड ही चालू था।

मोबाइल पर बात करते हुए बस चला रहा था ड्राइवर

पुलिस जांच में सामने आया कि ड्राइवर मोबाइल पर बात करते हुए तेज रफ्तार से बस चला रहा था। यात्रियों ने उसे स्पीड कम करने के लिए टोका था, लेकिन उसने स्पीड कम नहीं की।

14 जनवरी 2026- ‌बाइक सवार को टक्कर, लोगों ने आग लगाई

इंदौर में विधायक गोलू शुक्ला की बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे गुस्साई भीड़ ने बस में आग लगा दी। अफरा-तफरी के बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।

घटना पटेल ब्रिज के नीचे सुबह करीब 9.30 बजे हुई। फायर ब्रिगेड कर्मचारी के मुताबिक, छोटी ग्वालटोली के आगे शुक्ला ब्रदर्स की बस में आग लगने की सूचना पर टीम भेजी गई। टीम पहुंची तो बस से ऊंची लपटें निकल रही थीं।

फायर ब्रिगेड के एसआई शोभाराम मालवीय ने बताया कि एक टैंक पानी से आग पर काबू पाया गया। तुकोगंज टीआई जितेंद्र यादव के मुताबिक, बस ने एक बाइक को टक्कर मारी थी, जिसके बाद बस में आग लग गई। हालांकि, बाइक सवार को ज्यादा चोट नहीं आई।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»