खातेगांव क्षेत्र के इस गांव में 6 किमी पक्की सड़क की मांग, ग्रामीणों के साथ सरपंच-सचिव भी उतरे मैदान में, 8 दिन में काम नहीं तो चक्काजाम
By Ashish Meena
सितम्बर 17, 2026
खातेगांव के कोलारी और नवलगांव के बीच करीब 6 किलोमीटर लंबी सड़क के पक्के निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को दो नों गांवों के ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति का हवाला देते हुए पक्की सीसी सड़क निर्माण की मांग की। साथ ही स्थायी निर्माण होने तक सड़क पर मुरम डालकर आवागमन सुचारु कराने की मांग रखी।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ होने से आवागमन में परेशानी बढ़ जाती है। नवलगांव के किसानों की सोसायटी कोलारी में होने के कारण खाद, बीज एवं अन्य कृषि सामग्री के लिए किसानों को इसी मार्ग का उपयोग करना पड़ता है। स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होने की बात ग्रामीणों ने ज्ञापन में कही।
पंचायत ने बताया सीमित अधिकार
मामले में पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि सड़क करीब 6 किलोमीटर लंबी है और इतने बड़े मार्ग का पक्का सीसी निर्माण ग्राम पंचायत के सीमित संसाधनों से संभव नहीं है। सरपंच एवं सचिव के अनुसार, पंचायत स्तर से सड़क की आवश्यकता और समस्या से संबंधित जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जा चुकी है। स्थायी निर्माण के लिए शासन स्तर से तकनीकी स्वीकृति एवं बजट की आवश्यकता होगी।
पंचायत की ओर से यह भी कहा गया कि ग्रामीणों की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। बारिश के कारण सड़क की स्थिति खराब होने पर उपलब्ध संसाधनों के अनुसार अस्थायी सुधार कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो।
8 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने प्रशासन को 8 दिन का समय देते हुए सड़क निर्माण या सुधार कार्य शुरू नहीं होने पर चक्काजाम एवं आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क के स्थायी निर्माण की मांग की जा रही है।
वहीं पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि सीसी सड़क का निर्माण एक बड़े स्तर की योजना है, जिसके लिए संबंधित विभाग और शासन से स्वीकृति आवश्यक है। पंचायत स्तर से जो प्रक्रिया और पत्राचार संभव है, वह किया जा रहा है। अब सड़क के स्थायी निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति और बजट का इंतजार है।
