देवास: खातेगांव तहसील के इस गांव में नाले में मिली मजदूर की लाश, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
By Ashish Meena
अक्टूबर 5, 2026
मालवा जंक्शन, खातेगांव।
देवास जिले की खातेगांव तहसील के अजनास में मालसगोदा रोड स्थित एक नाले में लगभग 40 वर्षीय मजदूर का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अजनास निवासी विष्णु पिता जगन मर्सकोले (40) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को मालसगोदा रोड के पास स्थित नाले में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर शव को नाले से बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खातेगांव के शासकीय अस्पताल भेजा गया, जहां सोमवार सुबह डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच और मुआयने के दौरान मृतक के शरीर के बाहरी हिस्से पर चोट या संघर्ष के कोई स्पष्ट निशान नजर नहीं आए हैं। बहरहाल, मौत के असल कारणों का खुलासा विसरा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है।
मजदूरी और ट्रैक्टर चलाकर चलाता था परिवार
मृतक विष्णु मजदूरी करने के साथ-साथ ट्रैक्टर चलाने का हुनर भी जानता था, जिससे जरूरत पड़ने पर वह ड्राइवरी का काम भी कर लेता था। उसके परिवार में दो छोटे बच्चे हैं। उसके पिता जगन मर्सकोले एक सोसायटी में चौकीदार के रूप में कार्यरत हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, विष्णु रविवार सुबह ही अजनास में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल हुआ था, जिसके बाद उसकी यह संदिग्ध हालत सामने आई। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है और मामले की हर संभव एंगल से पड़ताल जारी है।
