देवास: सांप के डसने से व्यक्ति की मौत, अस्पताल में तनाव की स्थिति, इंदौर से आई महिला ने शव पर जताया अपना अधिकार

By Ashish Meena
जुलाई 7, 2026

मालवा जंक्शन, देवास।
देवास के चापड़ा स्थित श्याम नगर निवासी 45 वर्षीय श्रवण नाथ की सांप के डंसने से मौत के बाद सोमवार को जिला अस्पताल में विवाद हो गया। इंदौर से पहुंची एक महिला ने खुद को मृतक की पत्नी बताते हुए शव पर अपना अधिकार जताया। दूसरी ओर, मृतक के भाई और पहली पत्नी के परिवार ने इसका विरोध किया। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।

महिला ने दावा किया कि श्रवण नाथ ने उसके साथ कोर्ट मैरिज की थी और अंतिम संस्कार का अधिकार उसी का है। उसने शव उसे सौंपने की मांग की। वहीं, मृतक के भाई और पहली पत्नी के परिवार के लोग शव को गांव ले जाने पर अड़े रहे। विवाद के चलते कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया। इसके बाद शव मृतक के भाई को सौंप दिया गया, जो अंतिम संस्कार के लिए उसे चापड़ा ले गए।

पहली पत्नी का हो चुका है निधन

मृतक के भाई ने बताया कि श्रवण नाथ की पहली शादी सोनी बाई से हुई थी। उनके तीन बेटियां और एक बेटा हैं। कुछ साल पहले सोनी बाई का निधन हो गया था।

परिजनों के अनुसार, पहली पत्नी की मौत के बाद एक सामाजिक कार्यक्रम में श्रवण नाथ की मुलाकात अंगूरी बाई से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और मंदिर में वरमाला पहनाकर साथ रहने लगे। अंगूरी बाई इंदौर के देपालपुर क्षेत्र के चमेली देवी इलाके में रहती थीं। श्रवण नाथ अक्सर उनसे मिलने इंदौर जाते थे।

परिजनों का कहना है कि चार-पांच दिन पहले श्रवण नाथ अंगूरी बाई को लेने इंदौर गए थे। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद वह अकेले चापड़ा लौट आए।

सांप के डंसने के बाद अस्पताल में हुई मौत

परिजनों के अनुसार, रविवार शाम घर में अंधेरा होने के दौरान श्रवण नाथ को सांप ने डंस लिया। उन्हें वाहन से देवास जिला अस्पताल लाया जा रहा था। रास्ते में उन्होंने फोन पर झाड़-फूंक भी करवाई। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर रात करीब 9 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

महिला ने कोर्ट मैरिज का किया दावा

सोमवार सुबह मौत की सूचना मिलने पर अंगूरी बाई अपने रिश्तेदारों के साथ जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने खुद को श्रवण नाथ की पत्नी बताते हुए कोर्ट मैरिज का दावा किया और शव अपने साथ ले जाने की मांग की। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। बाद में पुलिस और मौजूद लोगों की समझाइश के बाद विवाद शांत हुआ। इसके बाद शव मृतक के भाई को सौंप दिया गया, जो अंतिम संस्कार के लिए उसे चापड़ा ले गए।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»