देवास: वर्दी शर्मसार…पुलिसकर्मी ने महिला कांस्टेबल से की छेड़छाड़, पीड़िता बोली- लगातार पीछा किया, कार में बंधक बनाया
By Ashish Meena
जुलाई 9, 2026
इंदौर के बाणगंगा थाना पुलिस ने देवास पुलिस लाइन में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल राहुल शर्मा के खिलाफ महिला कॉन्स्टेबल से छेड़छाड़, धमकी और बंधक बनाने के आरोप में बुधवार को मामला दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था, लगातार फोन कर परेशान करता था और शादी का दबाव बना रहा था।
देवास में हुई थी पहचान
पुलिस के मुताबिक, महिलाकॉन्स्टेबल ने बाणगंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह करीब एक साल से राहुल शर्मा को जानती है। दोनों की पहचान देवास में पदस्थापना के दौरान हुई थी। शुरुआत में बातचीत होती थी, लेकिन बाद में राहुल लगातार फोन करने लगा। मना करने के बावजूद वह बात करने का दबाव बनाता रहा।
परेशान होकर कराया ट्रांसफर
पीड़िता ने बताया कि राहुल की हरकतों से परेशान होकर उसने देवास से इंदौर तबादला करा लिया। इसके बाद भी आरोपी ने पीछा नहीं छोड़ा। उसने नंबर ब्लॉक कर दिया, लेकिन राहुल अलग-अलग नंबरों से फोन करता रहा और धमकियां देता रहा। वह कई बार उसका पीछा भी करता था।
आत्महत्या की धमकी देकर बनाया दबाव
शिकायत के अनुसार, राहुल ने कई बार कहा कि यदि महिला उससे बात नहीं करेगी तो वह आत्महत्या कर लेगा। एक बार वह महिलाकॉन्स्टेबल का पीछा करते हुए सरकारी अस्पताल तक पहुंच गया, जहां वह एक मामले में पीड़ित का मेडिकल कराने गई थी। वहां भी उसने उससे बात करने की कोशिश की और विवाद किया।
कार में बंधक बनाने का आरोप
महिला कॉन्स्टेबल का आरोप है कि एक दिन राहुल ने जबरन उसे अपनी कार में बैठा लिया। बाणगंगा क्षेत्र में उसने कार के अंदर उसका मोबाइल छीन लिया और शादी करने का दबाव बनाने लगा। जब महिला ने बाहर निकलने की कोशिश की तो आरोपी ने कार लॉक कर दी और उसके साथ मारपीट की।
इसी दौरान महिला की मां का फोन आया। महिला ने उन्हें बताया कि राहुल ने उसे कार में बंधक बना रखा है। सूचना मिलते ही उसका भाई और पिता मौके पर पहुंचे। उन्हें आते देख आरोपी कार लेकर फरार हो गया।
अधिकारियों को दी जानकारी
घटना के बाद महिला कॉन्स्टेबल ने थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर और वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर बाणगंगा पुलिस ने हेड कॉन्स्टेबल राहुल शर्मा के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
