देवास: शाहरुख ने महेंद्र बनकर इंजीनियर युवती से किया दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध

By Ashish Meena
अगस्त 7, 2026

मालवा जंक्शन, देवास।
देवास शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में धार्मिक पहचान छिपाकर एक युवती से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने जयश्री नगर निवासी आरोपी शाहरुख बेग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने खुद को महेंद्र चंद्रावत बताकर पुणे में रहने वाली राजस्थान की एक युवती से दोस्ती की, शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और उसके बैंक खातों व ऑनलाइन भुगतान माध्यमों का दुरुपयोग कर करीब 7 से 8 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

कैफे में हुई पहचान, धीरे-धीरे बढ़ी नजदीकियां

पुलिस के अनुसार पीड़िता मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली है और पुणे की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। जिस कंपनी में युवती काम करती थी, उसके सामने आरोपी का कैफे संचालित होता था। रोजाना आने-जाने के दौरान दोनों की पहचान हुई और बातचीत शुरू हो गई। युवती का आरोप है कि आरोपी ने अपना नाम महेंद्र बताते हुए खुद को हिंदू युवक के रूप में परिचित कराया। कुछ समय बाद उसने दोस्ती को प्रेम संबंध में बदल दिया और शादी करने का भरोसा दिलाकर युवती का विश्वास जीत लिया।

शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने लगातार शादी का आश्वासन दिया और इसी भरोसे पर युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पहले से ही धोखाधड़ी की नीयत से उसके करीब आया था। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से उसे उसके दोस्तों और परिचितों से दूर कर दिया, ताकि वह पूरी तरह उसी पर निर्भर हो जाए और किसी को अपनी निजी बातें न बता सके।

मोबाइल और बैंक खातों तक बनाई पहुंच

पीड़िता के अनुसार आरोपी ने धीरे-धीरे उसके मोबाइल फोन, फोनपे, बैंक खाते और अन्य ऑनलाइन बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद उसने अलग-अलग माध्यमों से उसके खातों से पैसे निकालना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और डिजिटल पेमेंट के जरिए करीब 7 से 8 लाख रुपये अपने कब्जे में कर लिए। इतना ही नहीं, उसने युवती के नाम पर एक मोबाइल फोन भी फाइनेंस करा लिया।

बैंक के कॉल से खुला पूरा मामला

मामले का खुलासा तब हुआ, जब बैंक की ओर से युवती को फोन कर बताया गया कि उसके नाम पर लिए गए मोबाइल लोन की ईएमआई जमा नहीं हो रही है। यह जानकारी सुनकर युवती हैरान रह गई, क्योंकि उसने कभी कोई मोबाइल फाइनेंस नहीं कराया था। इसके बाद उसने अपने बैंक खातों और लेन-देन की जांच की, जिसमें लाखों रुपये की निकासी का पता चला।

रुपये मांगने देवास पहुंची तो दी धमकी

पीड़िता का आरोप है कि जब उसे धोखाधड़ी का पता चला तो वह अपने रुपये वापस लेने के लिए देवास पहुंची, जहां आरोपी का निवास है। युवती का कहना है कि रुपये लौटाने के बजाय आरोपी ने उसे धमकाया और वहां से भगा दिया। इसके बाद उसने कानूनी कार्रवाई करने का फैसला लिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी गिरफ्तार

युवती ने गुरुवार को देवास के सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।सिविल लाइन थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि आरोपी मूल रूप से देवास का रहने वाला है और पुणे में कैफे संचालित करता था। शिकायत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।