खातेगांव में इंदौर-बैतूल हाईवे पर किसानों ने किया चक्काजाम, मूंग खरीदी और नकली खाद-बीज पर रोक लगाने की मांग

By Ashish Meena
जुलाई 10, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
अपनी विभिन्न कृषि समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को क्षेत्र के किसान उग्र हो गए। खातेगांव में इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसानों ने टोल प्लाजा के समीप चक्काजाम कर दिया। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारी किसानों की प्रमुख मांगों में मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी और नकली खाद-बीज की बिक्री पर रोक लगाना शामिल था।

घंटों बाधित रहा यातायात

राष्ट्रीय किसान मोर्चा के जिला प्रभारी कैलाश पटेल सातागांव और किसान नेता किशोर गोल्या के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में मूंग की फसल की खरीदी को लेकर किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही बाजार में खुलेआम बिक रहे नकली खाद, बीज और कीटनाशकों से किसान ठगा महसूस कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने सहकारी सोसायटियों में पर्याप्त खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की। चक्काजाम के कारण हाईवे पर लगभग एक घंटे से अधिक समय तक यातायात पूरी तरह से बाधित रहा, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी असुविधा हुई।

प्रशासन की सक्रियता से बनी सहमति

माहौल बिगड़ता देख एसडीएम प्रवीण प्रजापति और थाना प्रभारी विजय सिंह लोधी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे। उन्होंने किसानों से समझाइश की और उनकी मांगों को जिला प्रशासन तक पहुँचाने का प्रयास किया। एसडीएम ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मौके से ही कलेक्टर ऋतुराज सिंह की फोन पर किसान नेताओं से सीधी वार्ता करवाई।

कलेक्टर ने किसानों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी मांगें सरकार तक पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर समस्या के समाधान और उचित कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद किसान संगठनों ने अपना प्रदर्शन समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके बाद हाईवे से जाम हटवाया गया और यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही, जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।