Gold-Silver Price: चांदी 5000 रुपये महंगी, सोना भी हुआ महंगा, जानें लेटेस्ट रेट
By Ashish Meena
मई 25, 2026
Gold-Silver Price: सोना-चांदी की कीमतों में बड़ा बदलाव आया है, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोमवार को वायदा कारोबार की शुरुआत होते ही दोनों कीमती धातुओं के भाव उछल गए. चांदी को अचानक 5000 रुपये प्रति किलो से ज्यादा महंगी हो गई, तो वहीं सोना भी चमका है और 1.60 लाख रुपये के करीब पहुंच गया है. भले ही सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोना-चांदी की वायदा कीमतों में उछाल आया है, लेकिन इस तेजी के बाद भी Gold-Silver अपने हाई से काफी सस्ते मिल रहे हैं.
एक ओर जहां एमसीएक्स पर चांदी का भाव अपने लाइफ टाइम हाई लेवल से अब भी 1.80 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से ज्यादा सस्ता बना हुआ है. तो दूसरी ओर सोना अपने हाई से 43,000 रुपये से अधिक सस्ता मिल रहा है.
चांदी की कीमत में तेज बढ़ोतरी
एमसीएक्स पर कारोबार की शुरुआत होने के साथ ही वायदा चांदी रफ्तार पकड़े हुए नजर आई. 3 जुलाई की एक्सपायरी वाली चांदी बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार 2,71,846 रुपये प्रति किलो पर क्लोज हुई थी और सोमवार को ये कीमती धातु ओपनिंग के साथ ही उछलकर 2,77,245 रुपये पर जा पहुंची. यानी एक झटके में 1 Kg Silver 5,399 रुपये महंगी हो गई.
हालांकि, चांदी के भाव में तेजी के बावजूद इसके हाई से तुलना करें, जिसे इसने इस साल जनवरी महीने में छुआ था, तो यहां से अभी भी ये काफी कम कीमत पर मिल रही है. दरअसल, MCX Silver Price High 4,57,328 रुपये प्रति किलोग्राम है और यहां से चांदी का ताजा भाव 1,80,083 रुपये प्रति किलो कम चल रहा है.
सोना भी दिखाने लगा चमक
चांदी ही नहीं, बल्कि सोना भी चमका है. 5 जून की एक्सपायरी वाला वायदा सोना बीते शुक्रवार को 1,58,679 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था और सोमवार को ये भी चांदी तरह रफ्तार पकड़ता हुआ नजर आया. खुलने के साथ ही 10 Gram 24 Karat Gold Rate 1,59,500 रुपये पर जा पहुंचा यानी इसमें 821 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई.
सोना भी जनवरी 2026 में ही अपने लाइफ टाइम हाई लेवल पर पहुंचा था और तमाम पुराने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 2,02,984 रुपये का स्तर छुआ था. इस स्तर को छूने के बाद गोल्ड रेट में तेज गिरावट भी देखने को मिली. फिलहाल की बात करें, तो ये कीमती पीली धातु (Yellow Metal) इस हाई से 43,484 रुपये तक सस्ती मिल रही है.
