पश्चिम बंगाल में अब पुलिस अफसरों के घर तक पहुंची ED, डीसीपी के घर पर मारा छापा

By Ashish Meena
अप्रैल 19, 2026

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में रविवार (19 अप्रैल) की सुबह ईडी ने कोलकाता में कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. ईडी ने बल्लीगंज स्थित कोलकाता पुलिस के उपायुक्त शांतनु सिन्हा बिस्वास के आवास पर और बेहाला स्थित सन एंटरप्राइज के एमडी जॉय कामदार के आवास पर छापेमारी की है.

जानकारी के मुताबिक पीएमएलए के तहत ईडी कोलकाता में कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. आज सुबह प्रवर्तन निदेशालय ने शांतनु के गोलपार्क स्थित आवास पर छापा मारा. सूत्रों के अनुसार, ईडी ने उनके घर के बगल में स्थित एक सरकारी प्रशिक्षण केंद्र पर भी छापा मारा. हालांकि यह केंद्र सुबह से बंद था. इसके साथ ही बेहाला स्थित सन एंटरप्राइज के प्रबंध निदेशक जॉय कामदार के आवास पर भी छापेमारी की.

सीएम ममता के करीबी हैं शांतनु सिन्हा

शांतनु सिन्हा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बेहद करीबी माने जाते हैं और हाल ही में उन्हें ममता सरकार के धरने के दौरान मंच पर देखा गया था. उस समय कोलकाता पुलिस ने कहा था कि वो मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए ममता के मंच पर मौजूद थे.

धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई

शांतनु सिन्हा को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत कोयला घोटाले की जांच के संबंध में 28 मार्च, 2026 को जारी नोटिस के बाद ईडी ने 6 अप्रैल, 2026 को पूछताछ के लिए तलब किया था. उन्होंने ईडी के समन को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट का रुख किया था. इसके साथ ही ईडी ने मेडिकल एनआरआई कोटा प्रवेश घोटाले में भी शांतनु को तलब किया था. लेकिन इस बार केंद्रीय एजेंसी ने सीधे उनके घर पर छापा मारा है.

पहले नकम टैक्स डिपार्टमेंट ने मारी थी रेड

हाल ही में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने तृणमूल कांग्रेस के विधायक देबाशीष कुमार के घर घर पर छापेमारी की थी. इसके साथ ही घर के पास स्थित पार्टी कार्यालय और चुनाव कार्यालय पर भी छापा मारा था. इसके साथ ही भवानीपुर में सीएम ममता बनर्जी के नॉमिनेशन के प्रपोजर के घर पर रेड मारी थी. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने मिराज शाह नाम के प्रपोजर के 2 एल्गिन रोड स्थित घर पर रेड मारी थी .

इस कार्रवाई पर तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अपनी नाराजगी व्यक्त की थी. पार्टी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर स्पष्ट रूप से कहा था कि यह कार्रवाई निराधार है और आयकर विभाग के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»